कबीरधाम जिले में मध्यप्रदेश से धान लाकर छत्तीसगढ़ में अधिक कीमत पर बेचने की कथित कोशिश का मामला सामने आया है. प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने ग्राम अंजना के मुख्य मार्ग पर 38 क्विंटल धान से लदा माजदा टर्बो वाहन पकड़ा. वाहन में सवार मध्यप्रदेश के दो लोगों को हिरासत में लिया गया है.

अधिकारियों के अनुसार, जांच के दौरान वाहन से 95 प्लास्टिक बोरियां बरामद हुईं. वजन करने पर इनमें करीब 38 क्विंटल धान मिला, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत 1,17,800 रुपये बताई गई. वाहन की अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपये आंकी गई है. इस तरह जब्त संपत्ति का कुल मूल्य 6,17,800 रुपये बताया गया है.

वाहन में सवार लोगों की पहचान उमेद्र ठाकरे (36) और अंकित मेश्राम (27) के रूप में हुई है. दोनों मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले के बिरसा थाना क्षेत्र के मंडई (नेऊरगांव) के निवासी बताए गए हैं. पूछताछ में उन्होंने मंडई से धान लाकर छत्तीसगढ़ में बेचने की बात कही. टीम के सामने धान के परिवहन और बिक्री से संबंधित वैध दस्तावेज पेश नहीं किए जा सके.

पुलिस और प्रशासन की यह कार्रवाई कलेक्टर तुलिका प्रजापति तथा पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन में की गई. थाना प्रभारी झलमला निरीक्षक जे.एल. सांडिल्य के नेतृत्व वाली टीम में प्रधान आरक्षक राजेश धुर्वे और आरक्षक द्रोणाचार्य साहू शामिल रहे.

मामले में दोनों व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 106 के तहत इस्तगाशा तैयार किया गया है. आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए उन्हें अनुविभागीय दंडाधिकारी (राजस्व), बोड़ला के न्यायालय में प्रस्तुत किया गया. जिला प्रशासन ने अवैध धान परिवहन या खरीदी-बिक्री में गड़बड़ी की सूचना पुलिस अथवा संबंधित अधिकारियों को देने की अपील की है.