कवर्धा शहर में जर्जर और खतरनाक भवनों को लेकर नगर पालिका ने सर्वे शुरू किया है. शुरुआती जांच में करीब 40 मकान, दुकान और अन्य भवन चिन्हित किए गए हैं. पालिका अब इनके मालिकों को नोटिस जारी करने की तैयारी कर रही है.

नगर पालिका के अनुसार, स्कूलों, बाजारों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और व्यावसायिक परिसरों के आसपास स्थित जर्जर भवनों की प्राथमिकता से जांच की जा रही है. निरीक्षण के दौरान दीवार, छत, दरवाजे, खिड़कियों और भवन के अन्य संरचनात्मक हिस्सों की स्थिति देखी जा रही है.

हादसे से पहले खतरा दूर करने पर जोर

जिन भवनों की हालत बेहद कमजोर पाई गई है, उनके मालिकों को भवन हटाने या उसे डिस्मेंटल कराने के निर्देश दिए जाएंगे. पालिका ने कहा है कि नोटिस और निर्देश के बाद भी भवन नहीं हटाया गया और उससे दुर्घटना, जनहानि या संपत्ति को नुकसान हुआ, तो इसकी जिम्मेदारी मालिक की होगी.

चिन्हित भवनों में बस स्टैंड के पास, मंडी परिसर और राधाकृष्ण वार्ड के भवन शामिल हैं. इनमें कुछ सरकारी और कई निजी भवन बताए गए हैं. नगर पालिका का कहना है कि कार्रवाई का उद्देश्य हादसा होने के बाद जांच करने के बजाय पहले ही खतरे की पहचान कर उसे दूर करना है.

यह सर्वे मुख्य नगर पालिका अधिकारी नारायण साहू के निर्देशन में किया जा रहा है. उप अभियंता शिवकुमार गर्ग, राजेश पाथर और राजस्व टीम के बद्री राम साहू, लियाकत अली, चंद्रिका सिंह ठाकुर, सुरेश ठाकुर तथा सुनील कुर्रे ने विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया.