कवर्धा जिले में सहसपुर लोहारा पुलिस ने एक स्विफ्ट कार की डिक्की में बोरी के अंदर छिपाकर ले जाई जा रही अंग्रेजी शराब जब्त करने का दावा किया है. पुलिस के अनुसार, मामले में ग्राम कोयलारी निवासी छोटेलाल पिता ज्ञान सिंह साहू (43) को गिरफ्तार किया गया है.

पुलिस ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि सफेद रंग की स्विफ्ट कार (सीजी 09 जेवी 0826) में शराब बिक्री के लिए ले जाई जा रही है. इसके बाद टीम ने बांधाटोला तिराहे के पास घेराबंदी कर संदिग्ध कार को रोका.

बोरी खोलने पर मिली शराब

कार की तलाशी के दौरान डिक्की में सफेद रंग की बोरी मिली. पुलिस के मुताबिक, बोरी खोलने पर उसमें ‘जम्मू’ ब्रांड की 35 पौवा अंग्रेजी शराब थी. शराब की मात्रा 6.300 बल्क लीटर और अनुमानित कीमत करीब 4,200 रुपये बताई गई है.

पुलिस ने शराब के साथ स्विफ्ट कार भी जब्त की है. जब्त शराब और वाहन समेत कुल सामान की कीमत करीब 3.04 लाख रुपये बताई गई है.

सहसपुर लोहारा थाना प्रभारी मनीष मिश्रा के अनुसार, आरोपी के खिलाफ थाने में मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई की है.