छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में हाथियों की मौजूदगी और हमलों से ग्रामीण इलाकों में चिंता बढ़ गई है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, पिछले एक सप्ताह में हाथियों के हमले में दो महिलाओं की मौत हुई है. रविवार को तरेगांव वन परिक्षेत्र के शंभू पीपर गांव में हाथी को देखकर भागते समय किसान महेश अगरिया गिरकर घायल हो गए. उनके पैर और कमर में चोट आई है और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

जिले में हाथियों के दो अलग-अलग दल सक्रिय बताए गए हैं. जून में झुंड से बिछड़ा एक अकेला दंतैल हाथी लोगों पर हमला कर रहा है. वहीं, चार हाथियों का दल खेतों में घुसकर फसल रौंद रहा है, धान के ढेर उजाड़ रहा है और मकानों को नुकसान पहुंचा रहा है. रविवार रात इस दल ने केसमरदा गांव में बैगा परिवारों के घरों में तोड़फोड़ की.

चार हाथियों का दल पंडरिया वन परिक्षेत्र के रुकमणी दादर, चौगड्डा और ठाड़ पथरा क्षेत्र में घूम रहा है. 22 नवंबर को तरेगांव वन परिक्षेत्र के ढोलबज्जा बीट में हाथी की मौजूदगी दर्ज की गई. इसके बाद कवर्धा वन परिक्षेत्र के आमनारा बीट, कक्ष क्रमांक 307 में हाथी के पदचिह्न और लीद मिली. वन विभाग के अनुसार, हाथियों के विचरण से फसल नुकसान के दो मामले सामने आए हैं.

वन विभाग ने आमापानी, माचापानी, ढोलबज्जा, शक्तिपानी, धौराटोला, थूहापानी, चोड़चोड़ा, तेंदूपड़ाव, जमुनपानी समेत 20 गांवों में अलर्ट जारी किया है. गांवों में मुनादी कर ग्रामीणों को जंगल की ओर अकेले नहीं जाने और हाथी दिखने पर उससे दूरी बनाए रखने की सलाह दी जा रही है. विभाग ने हाथी को छेड़ने, भगाने या उसके पास जाने से बचने और उसकी सूचना तत्काल वन अमले को देने की अपील की है.