कबीरधाम जिले के रेंगाखार थाना क्षेत्र में पुलिस ने महाराष्ट्र ले जाए जा रहे पांच मवेशियों को बरामद किया है. मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने पिकअप वाहन और मवेशियों समेत कुल 8 लाख 65 हजार रुपये का सामान जब्त करने की जानकारी दी है.
पुलिस के अनुसार, 19 नवंबर को सूचना मिली थी कि एक पिकअप वाहन में मवेशियों को पर्याप्त दाना-पानी की व्यवस्था के बिना छत्तीसगढ़ से महाराष्ट्र ले जाया जा रहा है. इसके बाद पुलिस ने चेकिंग पॉइंट लगाकर वाहन क्रमांक CG-04 PS-0776 को रोका और तलाशी ली. वाहन से दो भैंस और तीन पड़वा बरामद हुए.
पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपियों ने मवेशियों को अवैध बिक्री और कटाई के उद्देश्य से महाराष्ट्र के बूचड़खाने ले जाने की बात कही. इस दावे के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मवेशियों को अपने कब्जे में लिया.
जब्त मवेशियों की कीमत 65 हजार रुपये और पिकअप की कीमत 8 लाख रुपये आंकी गई है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महाराष्ट्र के गोंदिया निवासी रमेश धुर्वे और रायपुर जिले के खरोरा निवासी योगेश विश्वकर्मा व उमेश साहू के रूप में हुई है.
पुलिस ने तीनों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960 की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है. न्यायालय ने आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया. बरामद मवेशियों को गौशाला में रखा गया है.
