कवर्धा जिले में झलमला पुलिस ने मध्यप्रदेश से छत्तीसगढ़ लाए जा रहे धान के मामले में दो लोगों को पकड़ा है. पुलिस ने वाहन में रखे 38 क्विंटल धान और माजदा टर्बो वाहन समेत कुल 6,17,800 रुपए की संपत्ति जब्त की है.
पुलिस के मुताबिक, 14 नवंबर 2026 को सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी निरीक्षक जे.एल. सांडिल्य के नेतृत्व में टीम ने ग्राम अंजना के मुख्य मार्ग पर वाहन को रोका. गवाहों की मौजूदगी में हुई जांच के दौरान माजदा टर्बो वाहन क्रमांक CG-08-AJ-9104 में 95 प्लास्टिक बोरियां मिलीं. इनमें करीब 38 क्विंटल धान था, जिसकी अनुमानित कीमत 1,17,800 रुपए बताई गई है.
वाहन में सवार लोगों ने अपने नाम उमेन्द्र ठाकरे (36) और अंकित मेश्राम (27) बताए. दोनों मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले के बिरसा थाना क्षेत्र के मंडई (नेऊरगांव) के निवासी हैं.
अधिक कीमत पर बेचने की तैयारी का पुलिस का दावा
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे मंडई से धान लाकर छत्तीसगढ़ में अधिक कीमत पर बेचने जा रहे थे. वे धान के परिवहन और बिक्री से जुड़े वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सके.
पुलिस ने धान की कीमत 1,17,800 रुपए और माजदा टर्बो वाहन की कीमत 5 लाख रुपए आंकी है. दोनों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 106 के तहत इस्तगासा तैयार किया गया. आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए उन्हें अनुविभागीय दंडाधिकारी (राजस्व), बोडला के न्यायालय में पेश किया गया.
