कवर्धा जिले में सड़क पर घूमने वाले बीमार और घायल पशुओं के रेस्क्यू, उपचार और सुरक्षित रखने की व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित करने की तैयारी की जा रही है. डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट में गौ सेवकों और संबंधित अधिकारियों की बैठक लेकर इस संबंध में कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए.

बैठक में जिले में उपलब्ध पशु रेस्क्यू वाहन को 24 घंटे संचालित करने और सूचना मिलते ही टीम को मौके पर भेजने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया. गौ सेवकों ने रेस्क्यू और उपचार के दौरान आने वाली समस्याओं की जानकारी दी. डिप्टी सीएम ने कहा कि गौ सेवक बीमार और घायल पशुओं को सड़क से उठाकर अस्पताल तक पहुंचाने का काम कर रहे हैं. इसलिए रेस्क्यू या अन्य जरूरत के समय उन्हें तत्काल मदद मिल सके, ऐसी संपर्क व्यवस्था बनाई जानी चाहिए.

पशु चिकित्सालय शिफ्ट करने पर चर्चा

बैठक के बाद स्वर्ण जयंती परिसर का निरीक्षण कर वहां पशु चिकित्सालय स्थानांतरित करने की संभावना पर भी चर्चा हुई. अधिकारियों और गौ सेवकों से परिसर का निरीक्षण कर चिकित्सालय शिफ्ट करने से जुड़ी जानकारी जुटाने को कहा गया. उद्देश्य ऐसा स्थान तैयार करना है, जहां घायल पशुओं के इलाज की सुविधा उपलब्ध हो.

विजय शर्मा ने पशुपालन विभाग के चिकित्सकों, सहायक चिकित्सकों और उपलब्ध मानव संसाधन की जानकारी भी ली. उन्होंने चिकित्सकों की पदस्थापना और कार्यक्षेत्र की समीक्षा कर उन इलाकों की पहचान करने को कहा, जहां पशु उपचार की अधिक जरूरत है. सभी चिकित्सकों की बैठक लेकर रेस्क्यू और उपचार व्यवस्था को प्रभावी बनाने की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए.

पैरादान और सड़क सुरक्षा पर जोर

गांवों में किसानों से संपर्क कर अधिक से अधिक पैरादान के लिए प्रेरित करने की बात कही गई. किसानों से फसल अवशेष जलाने के बजाय उसे गौवंश के लिए दान करने की अपील की जाएगी. सड़क पर बैठे पशुओं से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए हादसे वाले और अधिक मोड़ वाले स्थानों को चिह्नित करने पर भी चर्चा हुई. जरूरत के अनुसार इन स्थानों पर बैरिकेडिंग या अन्य सुरक्षा उपाय किए जाएंगे.