कवर्धा जिले के जैतपुरी गांव में गुरुवार को करीब 15 दिन से खेतों के आसपास घूम रहे एक नर तेंदुए का रेस्क्यू किया गया. वन्यप्राणी विशेषज्ञ डॉ. जयकिशोर जाड़िया ने दोपहर 1:42 बजे एक ही ट्रेंक्यूलाइजर डार्ट से तेंदुए को बेहोश किया. तेंदुए की उम्र करीब आठ साल बताई गई है.
सुबह करीब 7:30 बजे खेत के पास तेंदुआ दिखाई देने की सूचना मिली थी. इसके लगभग आधे घंटे बाद डीएफओ निखिल अग्रवाल, वन विभाग की टीम और कवर्धा पुलिस मौके पर पहुंची. तेंदुए की लोकेशन मिलने के बाद क्षेत्र की घेराबंदी कर ग्रामीणों को दूर रखने की कोशिश की गई.
रेस्क्यू के दौरान तेंदुआ करीब 25 मीटर की दूरी पर था. आसपास बड़ी संख्या में ग्रामीण उसे देखने के लिए जुट रहे थे और बीच-बीच में हूटिंग भी हो रही थी. पुलिस जवानों ने करीब 100 मीटर का परिधि क्षेत्र बनाकर लोगों को पीछे किया, जबकि वन अमला तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखता रहा.
दोपहर करीब 1:30 बजे रायपुर जंगल सफारी से वन्यप्राणी विशेषज्ञों की टीम पहुंची. इसके बाद डॉ. जाड़िया ने रेस्क्यू की कार्रवाई संभाली और एक डार्ट में तेंदुए को बेहोश कर दिया.
जैतपुरी और सिंघनपुरी क्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी से ग्रामीणों में डर बना हुआ था. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, तेंदुए की आवाजाही के पीछे इलाके का भूगोल भी एक कारण है. भोरमदेव अभयारण्य का जंगल जैतपुरी गांव से करीब 500 मीटर दूर है. जंगल की सीमा के बाद खेती का क्षेत्र शुरू होता है, जहां खेतों के बीच मेड़, झाड़ियां और पानी के स्रोत मौजूद हैं. इन परिस्थितियों के कारण इस क्षेत्र में वन्यजीवों की आवाजाही होती रहती है.
