कवर्धा जिले के जैतपुरी गांव में एक तेंदुआ खेत में दिखाई देने के बाद ग्रामीणों में डर का माहौल बन गया. बताया गया है कि तेंदुआ भोरमदेव अभ्यारण क्षेत्र से भटककर गांव के रिहायशी इलाके के पास पहुंचा.
खेत में तेंदुआ नजर आने पर ग्रामीणों ने पुलिस और वन विभाग को सूचना दी. जानकारी मिलते ही दोनों विभागों की टीम मौके पर पहुंची और तेंदुए को सुरक्षित पकड़ने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया.
आसपास के लोगों को सतर्क रहने की अपील
तेंदुए की मौजूदगी को देखते हुए आसपास के इलाकों में लोगों को सावधान किया गया है. वन विभाग की टीम ग्रामीणों से तेंदुए के करीब न जाने और उसके दिखाई देने पर तत्काल सूचना देने की अपील कर रही है.
फिलहाल तेंदुए को पकड़े जाने की पुष्टि नहीं हुई है. टीम उसकी गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही है और आसपास के क्षेत्र में निगरानी कर रही है. तेंदुए के रिहायशी इलाके के पास पहुंचने से ग्रामीणों में दहशत बनी हुई है. वन विभाग का प्रयास है कि उसे सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू कर आबादी से दूर ले जाया जाए.
