कवर्धा. कबीरधाम जिले के जिला मुख्यालय कवर्धा के हटरी पारा में महर्षि कश्यप चौक और उनकी प्रतिमा का अनावरण किया गया. उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने पूजा-अर्चना के बाद प्रतिमा का अनावरण किया. चौक का निर्माण 9 लाख 75 हजार रुपये की लागत से किया गया है.
कार्यक्रम में कसौधन गुप्ता समाज के प्रतिनिधियों और सदस्यों ने उप मुख्यमंत्री का स्वागत किया. समाज के पदाधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में समाजजन भी मौजूद रहे.
प्रतिमा स्थापना का उद्देश्य
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विजय शर्मा ने कहा कि महापुरुषों की प्रतिमाएं स्थापित करने का उद्देश्य केवल उनका स्मरण करना नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को उनके जीवन, संघर्ष और आदर्शों से प्रेरणा देना भी है. उन्होंने युवाओं से महापुरुषों के जीवन-मूल्यों का अध्ययन कर उन्हें अपने आचरण में अपनाने की अपील की.
शर्मा ने कहा कि महर्षि कश्यप चौक और प्रतिमा समाज की आस्था, श्रद्धा और सम्मान का प्रतीक हैं. उन्होंने कवर्धा में अन्य महापुरुषों की प्रतिमाएं स्थापित करने की बात भी कही.
कवर्धा में विकास कार्यों की जानकारी
उप मुख्यमंत्री ने बताया कि डीएफओ कार्यालय के सामने चौपाटी शुरू हो चुकी है और हनुमंत वाटिका को नगरवासियों का अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है. पुराने काष्ठागार परिसर में शिव वाटिका बनाने तथा बूढ़ा महादेव मंदिर के विस्तार और भव्य निर्माण की योजना पर काम किए जाने की जानकारी भी उन्होंने दी.
उन्होंने कहा कि विंध्यवासिनी मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रवेश व्यवस्था विकसित की जा रही है और मंदिर परिसर में विशाल हॉल का निर्माण कराया जा रहा है. शर्मा के अनुसार, भोरमदेव मंदिर परिसर में कॉरिडोर निर्माण के लिए केंद्र सरकार से 146 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं और निर्माण कार्य जारी है.
कवर्धा के बिलासपुर और रायपुर मार्ग पर लगभग 56 करोड़ रुपये की लागत से फोरलेन सड़क का निर्माण शुरू होने की बात भी उन्होंने कही. ठाकुरदेव चौक से घोटिया रोड तक करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से सड़क बनाए जाने और नए बस स्टैंड के शुरू होने की जानकारी दी गई. पुराने बस स्टैंड क्षेत्र में व्यापारिक केंद्र विकसित करने के प्रयास किए जाने की बात भी कही गई.
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष चन्द्रप्रकाश चंद्रवंशी, जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष संतोष पटेल, देवेंद्र गुप्ता, प्रभात गुप्ता, आत्मानंद गुप्ता और नगर पालिका उपाध्यक्ष पवन जायसवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि व समाज पदाधिकारी उपस्थित रहे.
