छत्तीसगढ़ के केंदा घाट में बिलासपुर-पेण्ड्रा मुख्य मार्ग पर एक भारी कंटेनर अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गया. कंटेनर के सड़क पर आ जाने से मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया और दोनों दिशाओं में यातायात ठप पड़ गया.
हादसे के बाद सड़क के दोनों ओर मालवाहक और अन्य भारी वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. बिलासपुर और पेण्ड्रा को जोड़ने वाला यह मार्ग छत्तीसगढ़ को मध्य प्रदेश से भी जोड़ता है. मार्ग बाधित होने से राहगीरों और वाहन चालकों को घंटों परेशानी का सामना करना पड़ा.
जर्जर सड़क और ढलान से बढ़ी परेशानी
स्थानीय वाहन चालकों और राहगीरों के अनुसार, केंदा घाट की सड़क पहले से जर्जर स्थिति में है. सड़क पर जगह-जगह गड्ढे और घुमावदार ढलान हैं, जिससे भारी वाहनों को गुजरने में कठिनाई होती है. उनके मुताबिक, ऐसी स्थिति में इस मार्ग पर वाहन खराब होने और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है.
स्थानीय लोगों ने केंदा घाट में बार-बार लगने वाले जाम और हादसों के लिए बिलासपुर-जबलपुर नेशनल हाईवे के धीमे निर्माण कार्य को जिम्मेदार बताया है. उनका कहना है कि निर्माण कार्य करीब तीन वर्षों से तय गति से पीछे चल रहा है और सड़क की स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है.
जाम में फंसे लोगों ने प्रशासन से तत्काल क्रेन भेजकर कंटेनर हटाने और यातायात बहाल कराने की मांग की है. उन्होंने हाईवे निर्माण कार्य में तेजी लाने की भी अपील की है.
