बस्तर अंचल की लोक आस्था से जुड़ी केशकाल की प्रसिद्ध भादो जात्रा रविवार को पारंपरिक उत्साह के साथ संपन्न हुई. इस दौरान आयोजित देवताओं की अदालत में कुल 157 मामले प्रस्तुत किए गए. परंपरा के अनुसार सुनवाई के बाद 35 मामलों में संबंधित देवताओं को आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई.
जिन मामलों में फैसला नहीं हो सका, उनसे जुड़े देवताओं को भंगाराम मंदिर में एक साल तक रिमांड पर रखने का निर्णय लिया गया. अगली भादो जात्रा में इन मामलों पर फैसला सुनाए जाने की बात कही गई है. यहां ‘आजीवन कारावास’ और ‘रिमांड’ पारंपरिक धार्मिक-सामाजिक प्रक्रिया में इस्तेमाल होने वाले प्रतीकात्मक निर्णय हैं.
इस जात्रा में 9 परगना से जुड़े 20 गांवों के देवी-देवताओं को प्रस्तुत किया गया. आयोजन से पहले शनिवार को देवताओं को केशकाल थाने भी ले जाया गया, जहां पुलिस अधिकारियों ने उनका स्वागत किया.
परंपरा के तहत समाज के लिए हानिकारक मानी जाने वाली शक्तियों और देवी-देवताओं से जुड़े मामलों की सुनवाई की जाती है. इसके बाद लोकविश्वास और पारंपरिक सामाजिक व्यवस्था के आधार पर निर्णय सुनाए जाते हैं. बड़ी संख्या में ग्रामीण और श्रद्धालु इस प्रक्रिया के साक्षी बने.
