छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ में भोपाल से रायपुर ले जाया जा रहा करीब 1,500 किलो संदिग्ध पनीर पकड़ा गया है. पुलिस ने गुरुवार शाम करीब 7 बजे साल्हेवारा थाना के सामने चेकपोस्ट पर नियमित जांच के दौरान पिकअप को रोका था. इसके बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने खेप के नमूने लेकर जांच प्रक्रिया शुरू की.
पुलिस के मुताबिक, वाहन में 50-50 किलो के 30 कार्टून मिले. पिकअप का रजिस्ट्रेशन नंबर MP 04 WC 8384 बताया गया है. पूछताछ में चालक शिशुपाल ने बताया कि पनीर भोपाल के ट्रांसपोर्ट नगर से लाया जा रहा था और इसे रायपुर के भाठागांव स्थित आशीष जायसवाल की दुकान पर पहुंचाया जाना था.
जांच के दौरान चालक पनीर की शुद्धता और गुणवत्ता से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका. इसके बाद पुलिस ने खाद्य सुरक्षा विभाग को सूचना दी और वाहन को जिला मुख्यालय लाकर जांच कराई गई.
लैब रिपोर्ट के बाद तय होगी आगे की कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक धृतलहरें के अनुसार, खेप से लिए गए नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं. शुरुआती जांच में पनीर के एनालॉग होने की आशंका है. हालांकि विभाग ने अभी इसे अंतिम रूप से नकली या मानकविहीन घोषित नहीं किया है. अधिकारी के मुताबिक, पनीर की वास्तविक गुणवत्ता लैब रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी और उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
यह कार्रवाई ऐसे समय हुई है जब इससे पहले बेमेतरा जिले में करीब 3 टन खोवा, पनीर और मिठाइयां गंदगी के बीच रखी मिली थीं. उस मामले में नमूने जांच के लिए भेजे गए थे और संबंधित सामग्री नष्ट कराई गई थी.
