छत्तीसगढ़ के खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल के बीच प्रशासन ने तीन पटवारियों को निलंबित कर दिया है. वहीं, हड़ताल में शामिल 57 पटवारियों का अक्टूबर महीने का वेतन आहरण नहीं किया गया है. प्रशासन ने लंबित राजस्व कार्यों को पूरा कराने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था के निर्देश भी जारी किए हैं.

प्रशासन के अनुसार, संबंधित पटवारी 13 अक्टूबर 2026 से हड़ताल पर हैं. इससे डिजिटल क्रॉप सर्वे, गिरदावरी, फार्मर रजिस्ट्री, स्वामित्व योजना, नामांतरण, बंटवारा और सीमांकन जैसे काम प्रभावित हुए हैं. आगामी धान खरीदी को देखते हुए फसल अभिलेखों का सत्यापन और डिजिटल क्रॉप सर्वे का अनुमोदन समय पर पूरा करना जरूरी बताया गया है.

तीन पटवारियों पर कार्रवाई

खैरागढ़ तहसील के हल्का नंबर 35 और 36 में पदस्थ आकाश सिंह राजपूत पर स्वामित्व योजना के प्रतिवेदन समय पर प्रस्तुत नहीं करने और दो गांवों के प्रतिवेदन लंबित रखने का आरोप है. एग्रीस्टैक पोर्टल पर धान पंजीयन से जुड़े आवेदन भी उनकी आईडी में सत्यापन के लिए लंबित पाए गए.

छुईखदान तहसील के हल्का नंबर 09 की पटवारी वाणी झा पर डिजिटल क्रॉप सर्वे, स्वामित्व योजना और एग्रीस्टैक पोर्टल पर किसान पंजीयन के काम में अपेक्षित प्रगति नहीं लाने का आरोप लगाया गया है. साल्हेवारा तहसील के बकरकट्टा हल्का नंबर 10 में पदस्थ अमित श्रीवास्तव पर वरिष्ठ अधिकारी के आदेश का पालन नहीं करने और अतिरिक्त प्रभार ग्रहण नहीं करने का आरोप है.

तीनों को छत्तीसगढ़ सिविल सेवा नियम, 1966 के नियम 9(1)(क) के तहत निलंबित किया गया है. निलंबन अवधि में उनके मुख्यालय क्रमशः खैरागढ़, छुईखदान और साल्हेवारा तहसील कार्यालय तय किए गए हैं. उन्हें रोजाना उपस्थिति दर्ज कराने और अनुमति के बिना मुख्यालय नहीं छोड़ने का निर्देश दिया गया है.

अंतिम नोटिस और वेतन रोकने की कार्रवाई

गंडई, छुईखदान और साल्हेवारा तहसीलों के हड़ताली पटवारियों को 30 अक्टूबर को अंतिम कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था. इसमें 2 नवंबर को सुबह 10 बजे तक काम पर लौटने और लंबित कार्यों का तत्काल निपटारा करने का निर्देश दिया गया था. नोटिस में अनुपस्थिति को अनधिकृत मानकर अनुशासनात्मक कार्रवाई और ‘काम नहीं तो वेतन नहीं’ के सिद्धांत का उल्लेख किया गया था.

कलेक्टर कार्यालय की भू-अभिलेख शाखा की 6 नवंबर की जानकारी के अनुसार जिले में 65 पटवारी पदस्थ हैं. इनमें आठ का अक्टूबर वेतन आहरित किया गया, जबकि हड़ताल में शामिल 57 पटवारियों का वेतन नहीं निकाला गया. प्रशासन ने लंबित अभिलेखों और प्रकरणों का हस्तांतरण कर वैकल्पिक प्रभार देने तथा किसानों से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता से पूरा कराने को कहा है.