छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ क्षेत्र में दनिया पुल के पास शुक्रवार देर रात एक कार तेज बहाव में बहकर नदी के बीच फंस गई. कार में रायपुर और भिलाई के पांच लोग सवार थे, जो कान्हा-किसली घूमने जा रहे थे. पुलिस टीम ने सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया.
पुलिस के मुताबिक, घटना 25 सितंबर की रात करीब 2:30 बजे हुई. रायपुर की ओर से आ रही Swift Dzire कार दनिया पुल पर पहुंची थी. बाढ़ के खतरे को देखते हुए पुल पर पुलिस ने अवरोधक लगाए थे. पुलिस का कहना है कि कार चालक ने अवरोधक को टक्कर मार दी. मौके पर तैनात जवानों ने वाहन को रोकने की कोशिश की, लेकिन कार आगे बढ़ गई और तेज बहाव में फंस गई.
कुछ ही देर में पानी का बहाव कार को सड़क से खींचकर नदी की मझधार तक ले गया. कार में सवार पांचों लोग जान बचाने के लिए एक पेड़ के सहारे टिके रहे. रात का अंधेरा, तेज बारिश और उफनते पानी के बीच गंडई थाना प्रभारी शिवशंकर गेंदले पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस के अनुसार, थाना प्रभारी पानी में उतरे और बचाव अभियान शुरू किया.
कड़ी मशक्कत के बाद कमलेश साहू, कुबेर साहू, निहाल सक्सेना, महक कौर और प्रीति रात्रे को सुरक्षित बाहर निकाला गया. इसके बाद सभी को गंडई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया.
खैरागढ़ के पुलिस अधीक्षक लक्ष्य शर्मा ने कहा कि थाना प्रभारी ने पानी में उतरकर पांच लोगों को डूबने से बचाया. पुलिस के अनुसार, हादसे में सभी लोग सुरक्षित हैं.
