छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ क्षेत्र में ऑनलाइन गेमिंग में करीब 10 लाख रुपए हारने के बाद कर्ज में डूबे युवक ने कथित तौर पर चोरी की साजिश रची. पुलिस ने इस मामले में गांव के दो युवकों सुरेन्द्र साहू (36) और गणेश्वर नेताम उर्फ राजू नेताम (25) को गिरफ्तार किया है. दोनों ग्राम ठाकुरटोला के रहने वाले हैं. पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के पास से कुल 15 लाख 50 हजार रुपए की संपत्ति जब्त की गई है.

मामला डोंगरगढ़ थाना क्षेत्र की मोहारा पुलिस चौकी का है. ग्राम ठाकुरटोला निवासी दीपक वर्मा 25 अगस्त 2026 को सुबह करीब 9 बजे परिवार के साथ खेत गए थे. दोपहर लगभग 1 बजे लौटने पर उन्हें घर का ताला टूटा मिला. जांच में आलमारी से सोने का नेकलेस, मंगलसूत्र, अंगूठी, चांदी का करधन और पैरपट्टी गायब मिली. इसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई.

छत पर छिपा था एक आरोपी

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों ने पहले घर की रेकी की थी. वारदात वाले दिन वे सुबह करीब 4 बजे घर के पास पहुंचे. गणेश्वर ट्रैक्टर की ट्रॉली के सहारे छत पर चढ़कर छिप गया, जबकि सुरेन्द्र बाहर निगरानी करता रहा. परिवार के खेत जाने के बाद सुरेन्द्र ने मोबाइल से इशारा किया. इसके बाद गणेश्वर नीचे उतरा, लोहे की रॉड से ताला तोड़ा और आलमारी से जेवर निकाल लिए. दोनों कार से रायपुर चले गए.

पुलिस का कहना है कि आरोपी रायपुर के इंद्रप्रस्थ कॉलोनी में किराए के मकान में रहने लगे थे. जेवर बेचने में सफलता नहीं मिलने पर कुछ सामान वहीं छिपा दिया था. पूछताछ में रायपुर के अरिहंत नगर में घरेलू काम के दौरान कथित रूप से की गई एक अन्य चोरी का भी पता चला. इस मामले में सोने के टॉप्स और झुमके मुथूट फाइनेंस में गिरवी रखे गए थे, जिन्हें बरामद किया गया है.

पुलिस ने ठाकुरटोला मामले के 8.50 लाख रुपए के जेवर, वारदात में इस्तेमाल करीब 5 लाख रुपए की कार और रायपुर की चोरी के 2 लाख रुपए के जेवर जब्त किए हैं. मामले में आगे की जांच जारी है.