खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के शिक्षित बेरोजगार युवक-युवतियों के लिए निजी क्षेत्र में नौकरी का अवसर है. जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र की ओर से 13 अक्टूबर को खैरागढ़ में जिला स्तरीय एकदिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा.

रोजगार मेला नगर पालिका सांस्कृतिक भवन, खैरागढ़ में सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलेगा. इसमें निजी क्षेत्र की कंपनियां तकनीकी और गैर-तकनीकी श्रेणी के 660 से अधिक रिक्त पदों पर सीधे भर्ती करेंगी. मेले में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों से कोई प्रवेश शुल्क नहीं लिया जाएगा.

कौन कर सकता है आवेदन

मेले में न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं पास रखी गई है. 12वीं, आईटीआई, डिप्लोमा, स्नातक और अन्य तकनीकी डिग्रीधारी अभ्यर्थी भी अपनी योग्यता के अनुसार पदों के लिए आवेदन कर सकेंगे. आवेदक की न्यूनतम आयु 18 वर्ष होनी चाहिए. चयनित युवाओं को पद, कार्य अनुभव और शैक्षणिक योग्यता के आधार पर 8,000 से 20,000 रुपये प्रतिमाह वेतन या मानदेय दिया जाएगा.

मेले में फायर एंड सेफ्टी डिजास्टर मैनेजमेंट भिलाई, पुस्कल एग्रोटेक कवर्धा, स्वतंत्र माइक्रोफिन प्राइवेट लिमिटेड रायपुर, प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन अंजोरा, फाइड दक्ष मरोदा भिलाई, ग्लोबल एचआर सॉल्यूशन रायपुर और स्टार आदर्श होम केयर सर्विस सोसायटी रायपुर सहित संस्थानों के शामिल होने की जानकारी दी गई है.

पंजीयन और जरूरी दस्तावेज

अभ्यर्थियों का जिला रोजगार कार्यालय में जीवित पंजीयन होना अनिवार्य है. इसके अलावा रोजगार मेला वेबपोर्टल पर पंजीयन भी कराना होगा. उम्मीदवारों को मूल शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, निवास और जाति प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो तथा सभी दस्तावेजों की स्व-प्रमाणित छायाप्रतियों के दो सेट साथ लाने होंगे. भर्ती प्रक्रिया सीधे साक्षात्कार के माध्यम से होगी.