छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ जिले में राजस्व कार्यों में लापरवाही और वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना के मामलों में तीन पटवारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है. वहीं, अनिश्चितकालीन हड़ताल में शामिल 57 पटवारियों का अक्टूबर महीने का वेतन आहरित नहीं किया गया. प्रशासन ने हड़ताल पर डटे पटवारियों को अंतिम कारण बताओ नोटिस जारी किया है.

गंडई, छुईखदान और साल्हेवारा तहसीलों में पदस्थ पटवारी 13 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं. प्रशासन के अनुसार, इससे डिजिटल क्रॉप सर्वे, गिरदावरी, फार्मर रजिस्ट्री, स्वामित्व योजना, नामांतरण, बंटवारा और सीमांकन जैसे राजस्व कार्य प्रभावित हो रहे हैं. आगामी धान खरीदी के मद्देनजर फसल संबंधी अभिलेखों का समय पर सत्यापन और अनुमोदन भी जरूरी है.

तीन पटवारियों पर अलग-अलग कार्रवाई

खैरागढ़ तहसील के हल्का क्रमांक 35 और 36 में पदस्थ आकाश सिंह राजपूत पर स्वामित्व योजना के प्रतिवेदन में देरी, दो ग्रामों के प्रतिवेदन प्रस्तुत नहीं करने और एग्रीस्टैक पोर्टल पर धान पंजीयन के आवेदन लंबित रखने के मामले में कार्रवाई हुई है.

छुईखदान तहसील के हल्का क्रमांक 09 में पदस्थ वाणी झा को डिजिटल क्रॉप सर्वे, स्वामित्व योजना और किसान पंजीयन के कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर निलंबित किया गया. साल्हेवारा तहसील के बकरकट्टा हल्का क्रमांक 10 में पदस्थ अमित श्रीवास्तव पर वरिष्ठ अधिकारी के आदेश की अवहेलना और स्वामित्व योजना में लापरवाही का आरोप है. उन्हें अतिरिक्त प्रभार दिए जाने के बावजूद निर्धारित अवधि में कार्यभार ग्रहण नहीं करने पर निलंबित किया गया.

कलेक्टर कार्यालय की भू-अभिलेख शाखा की छह नवंबर की जानकारी के अनुसार, जिले में 65 पटवारी पदस्थ हैं. इनमें कार्यरत या संतान पालन अवकाश पर रहे आठ पटवारियों का अक्टूबर का वेतन आहरित हुआ, जबकि 57 पटवारियों का वेतन रोका गया. निलंबित पटवारियों को संबंधित तहसील कार्यालयों में मुख्यालय पर प्रतिदिन उपस्थिति दर्ज कराने और सक्षम अधिकारी की अनुमति के बिना मुख्यालय नहीं छोड़ने का निर्देश दिया गया है.