कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की पटना में की गई टिप्पणी को लेकर छत्तीसगढ़ में भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक विवाद तेज हो गया है. भाजपा नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संदर्भ में इस्तेमाल किए गए शब्दों को अनुचित बताया है, जबकि कांग्रेस ने भाजपा पर बयान के एक हिस्से को लेकर मुद्दा भटकाने का आरोप लगाया है.

छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि इतनी बड़ी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष को ऐसी भाषा शोभा नहीं देती. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के लिए इस तरह के शब्द कांग्रेस की सोच को दर्शाते हैं. भाजपा की पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पांडेय ने भी कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के साथ शब्दों की मर्यादा जरूरी है और इसके नाम पर प्रधानमंत्री पद की गरिमा कम नहीं की जानी चाहिए.

भाजपा नेताओं ओपी चौधरी, तोखन साहू और संतोष पांडेय ने भी खड़गे के बयान का विरोध किया है. वहीं, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा पर प्रोपेगेंडा करने का आरोप लगाया. बैज के अनुसार, खड़गे ने अपने भाषण में देश की समस्याओं और मोदी सरकार की नीतियों पर भी बात की, लेकिन भाजपा उन मुद्दों पर चर्चा करने के बजाय एक टिप्पणी को लेकर विवाद खड़ा कर रही है.

पटना के कार्यक्रम में क्या हुआ

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पटना के बापू सभागार में कांग्रेस के कार्यक्रम के दौरान एक कार्यकर्ता ने कहा कि मोदी सरकार तब तक नहीं हटेगी, जब तक देश में विद्रोह नहीं होगा. इसके जवाब में खड़गे ने प्रधानमंत्री के संदर्भ में आपत्तिजनक टिप्पणी की और उसे तीन बार दोहराया. रिपोर्ट के मुताबिक, इसके बाद कार्यक्रम में मौजूद कुछ लोगों ने उस कार्यकर्ता के साथ मारपीट की.

इस मामले में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य कृष्णा कुमार सिंह ने पटना के कोतवाली थाने में शिकायत देकर जांच और उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है. गृह मंत्री अमित शाह ने भी खड़गे के बयान की आलोचना करते हुए कांग्रेस पर प्रधानमंत्री और उनके परिवार के खिलाफ अभद्र भाषा इस्तेमाल करने का आरोप लगाया.