छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के खरसिया में गुरुवार को कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता और मतदाताओं के अधिकारों की सुरक्षा की मांग को लेकर प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग करते हुए राष्ट्रपति के नाम खरसिया के SDM को ज्ञापन सौंपा.
कांग्रेस कार्यकर्ता मदनपुर स्थित पार्टी कार्यालय से तहसील कार्यालय तक पैदल मार्च करते हुए पहुंचे. उनके हाथों में कांग्रेस के झंडे और विभिन्न नारों वाली तख्तियां थीं. इस दौरान ‘ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो’, ‘चुनाव बचाओ, देश बचाओ’, ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ और ‘लोकतंत्र से खिलवाड़ बंद करो’ जैसे नारे लगाए गए.
चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि पिछले लोकसभा और विभिन्न राज्यों के विधानसभा चुनावों के दौरान चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठे हैं. पार्टी ने विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR और फॉर्म-6 के जरिए नए मतदाताओं के नाम जोड़ने की प्रक्रिया पर भी आपत्ति जताई.
पार्टी नेताओं के अनुसार, चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता जरूरी है, ताकि मतदाताओं के संवैधानिक अधिकार सुरक्षित रहें और लोकतांत्रिक व्यवस्था में लोगों का भरोसा बना रहे.
ज्ञापन में कांग्रेस ने चुनाव प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों की निष्पक्ष और पारदर्शी समीक्षा कराने, मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने की मांग रखी. प्रदर्शन में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ग्रामीण और शहर, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस तथा NSUI के नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए.
