रायगढ़ जिले के खरसिया थाना क्षेत्र के बड़े देवगांव में 62 वर्षीय महिला से मारपीट कर नकदी और जेवरात लूटने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान ग्राम बोरदी निवासी नागेश कुमार गवेल (29) के रूप में हुई है. उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है.

पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, घटना 31 अक्टूबर की रात करीब डेढ़ बजे हुई. रामबाई साहू अपने घर में सो रही थीं. आवाज सुनकर उनकी नींद खुली तो उन्होंने एक व्यक्ति को आलमारी और संदूक से सामान निकालते देखा. विरोध करने पर आरोपी ने कथित तौर पर बांस के डंडे से उनके सिर और दोनों हाथों पर वार किया. इसके बाद वह करीब 30 हजार रुपये नकद, लगभग 40 तोला चांदी और 2 तोला सोने के जेवर लेकर फरार हो गया.

रामबाई ने 1 नवंबर को अपने बेटों और बहू के साथ खरसिया थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ पीड़िता और आसपास के लोगों से पूछताछ की. जांच के दौरान घटना की रात बड़े देवगांव में मौजूद नागेश पर संदेह हुआ. पुलिस के मुताबिक, हिरासत में पूछताछ के दौरान उसने वारदात में शामिल होना स्वीकार किया.

पुलिस के अनुसार, आरोपी 31 अक्टूबर की रात 4,500 रुपये उधार मांगने गया था. पैसे नहीं मिलने के बाद उसने सामुदायिक भवन के पास लूट की योजना बनाई. उसे जानकारी थी कि महिला अकेली रहती हैं और घर में पुट्टी-पोताई का काम चल रहा है. पुलिस का दावा है कि वह गेट पर चढ़कर घर में घुसा और हथौड़ी से आलमारी व संदूक तोड़ने लगा.

आरोपी के पास से 3 हजार रुपये बरामद हुए हैं. बांस का डंडा और हथौड़ी झाड़ियों से, जबकि डिस्कवर मोटरसाइकिल उसके घर से जब्त की गई. बाकी नकदी और जेवर बरामद नहीं हो सके. SSP शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं और बुजुर्गों की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है.