दुर्ग और रायपुर जिले की सीमा से लगे खारुन नदी पुल पर तेज रफ्तार पायल बस अनियंत्रित होकर रेलिंग पर जा चढ़ी. बस रायपुर से दुर्ग की ओर जा रही थी. हादसे के समय उसमें 20 से ज्यादा यात्री सवार थे. सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पुल पर पहुंचने के बाद चालक ने बस से नियंत्रण खो दिया. बस सड़क के किनारे की ओर गई और पुल के डिवाइडर से टकरा गई. टक्कर के बाद बस का अगला हिस्सा रेलिंग पर अटक गया. रेलिंग टूटने के बावजूद बस नदी में गिरने से बच गई.

हादसे के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई. आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बस से बाहर निकलने में मदद की. पुल पर बस फंसने के कारण रायपुर-दुर्ग मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और लंबा जाम लग गया. रिपोर्ट के अनुसार, इस मार्ग से रोजाना करीब डेढ़ लाख वाहन गुजरते हैं.

कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, हादसा दोनों जिलों की सीमा पर होने के कारण पुलिस कार्रवाई के अधिकार क्षेत्र को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं थी. शुक्रवार शाम तक एफआईआर दर्ज होने या दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू होने की जानकारी सामने नहीं आई थी.