आरंग के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खौली में छत्तीसगढ़ शासन के सेवा संकल्प अभियान के तहत सेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनजागरूकता से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं. कार्यक्रम में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने भाग लिया.
अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों में सेवा भावना, स्वच्छता के प्रति जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक उत्तरदायित्व की समझ विकसित करना रहा. इस दौरान विद्यार्थियों ने विद्यालय परिसर को स्वच्छ और व्यवस्थित रखने के साथ समाज के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प लिया.
कार्यक्रम प्रभारी निर्मला पांडेय, संगीता पैकरा और केदार साहू के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने पेंटिंग, पोस्टर और भाषण जैसी गतिविधियों में हिस्सा लिया. आयोजन विद्यालय के प्राचार्य पंचराम साहू के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ.
न्योता भोज में विद्यार्थियों की सहभागिता
शासकीय मिडिल स्कूल खौली के प्रधानपाठक की ओर से न्योता भोज का आयोजन भी किया गया. इसमें विद्यार्थियों और उपस्थित लोगों ने सहभागिता की. आयोजन के माध्यम से सामूहिकता, सहयोग और आपसी सद्भाव का संदेश दिया गया.
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं और अन्य स्टाफ के साथ शाला समिति के अध्यक्ष शिव कुमार चंद्राकर तथा पूर्व सेवानिवृत्त शिक्षक केके चंद्राकर भी उपस्थित रहे. उन्होंने विद्यार्थियों को सेवा, स्वच्छता और सामाजिक जिम्मेदारी से जुड़े कार्यों में लगातार भाग लेने के लिए प्रेरित किया.
विद्यालय परिवार के अनुसार, ऐसे अभियान विद्यार्थियों में अनुशासन, सहयोग, स्वच्छता और नागरिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में सहायक होते हैं.
