छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में किरंदुल स्थित NMDC के डिपॉजिट-14 में हुए भूस्खलन को लेकर राज्य सरकार ने जांच के निर्देश दिए हैं. वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा है कि घटना से जंगलों, पेड़-पौधों और वन्यजीवों को हुए संभावित नुकसान का विस्तृत आकलन कराया जाएगा. रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी.

मंत्री के निर्देश पर हेड ऑफ फॉरेस्ट फोर्स (HoFF) को प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण कर नुकसान का अध्ययन करने को कहा गया है. कश्यप के अनुसार, करीब 50 सेक्टर क्षेत्र में मलबा बहने की जानकारी मिली है. विभागीय जांच में यह पता लगाया जाएगा कि आरक्षित वन क्षेत्र और वहां की प्राकृतिक संपदा को कितनी क्षति हुई है.

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, भूस्खलन का मलबा वन विभाग के फॉरेस्ट कंपार्टमेंट नंबर 673 तक पहुंचा है. मलबा करीब ढाई से तीन किलोमीटर के दायरे में फैलने की बात सामने आई है. हालांकि नुकसान का अंतिम आंकड़ा विस्तृत जांच और स्थल निरीक्षण के बाद ही स्पष्ट होगा.

घटना के बाद वन विभाग ने संबंधित एजेंसी NMDC के खिलाफ वन अपराध दर्ज कर जांच शुरू की है. जांच में आरक्षित वन क्षेत्र को हुए नुकसान और जिम्मेदारी से जुड़े पहलुओं को देखा जाएगा.

इसी बीच NMDC प्रबंधन ने किरंदुल कॉम्प्लेक्स में तैनात जनरल मैनेजर (HR) सुधांशु वर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया है. निलंबन आदेश में कार्रवाई का कारण स्पष्ट नहीं बताया गया है. स्थानीय स्तर पर इसे कांग्रेस के जांच दल को घटनास्थल के निरीक्षण की अनुमति दिए जाने से जोड़कर चर्चा की जा रही है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

अब सरकार की जांच रिपोर्ट से यह स्पष्ट होगा कि भूस्खलन से वन और वन्यजीवों को कितना नुकसान हुआ और पर्यावरणीय सुरक्षा से जुड़े मामलों में आगे किस तरह की कार्रवाई की जाती है.