छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले के किरंदुल स्थित बैलाडीला पहाड़ियों में पुराने खनन मलबे के धंसने से लोहागांव-किरंदुल मुख्य मार्ग बाधित हो गया है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, डिपॉजिट-14 एमएल क्षेत्र में पिछले दो-तीन दिनों से दशकों पुराने खनन अवशेष लगातार धंस रहे हैं. लाल मिट्टी और बड़े पत्थरों के सड़क पर आने से दोनों स्थानों के बीच संपर्क प्रभावित हुआ है.
आवाजाही पर प्रतिबंध, मशीनरी तैनात
प्रभावित क्षेत्र में गहरी और चौड़ी दरारें दिखाई देने की बात सामने आई है. मलबा खिसकने की प्रक्रिया पूरी तरह रुकने तक बड़े पैमाने पर धंसाव की आशंका बनी हुई है. सुरक्षा के मद्देनजर स्थानीय प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्र में आवाजाही पर प्रतिबंध लगाए हैं. सड़क से मलबा और पत्थर हटाने के लिए भारी मशीनरी तैनात की गई है.
मार्ग बंद होने से आसपास के गांवों में रोजमर्रा की गतिविधियां, व्यापार, स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच और आजीविका प्रभावित हुई है. ग्रामीणों को लोहागांव और किरंदुल के बीच आवागमन में परेशानी हो रही है.
राष्ट्रीय खनिज विकास निगम (NMDC) प्रबंधन ने घटना को प्राकृतिक कारणों से जुड़ा बताया है. निगम के अनुसार, खिसका हुआ मलबा वर्तमान खनन गतिविधि से संबंधित नहीं है. प्रबंधन ने आसपास के गांवों में जनहानि, चोट या संपत्ति के नुकसान की कोई सूचना नहीं होने की बात कही है.
घटना की परिस्थितियों और स्थल के भू-तकनीकी आकलन के लिए IIT रुड़की और IIT मुंबई के विशेषज्ञों की टीम बुलाई गई है. टीम स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय कर जांच करेगी.
स्थानीय आकलनों में प्रभावित क्षेत्र का दायरा दो से 10 किलोमीटर तक होने की आशंका जताई गई है. इससे वन क्षेत्र और वन्यजीवों पर संभावित असर को लेकर चिंता बढ़ी है. हालांकि, पेड़ों या वन्यजीवों को हुए नुकसान की अंतिम आधिकारिक पुष्टि उपलब्ध नहीं है.
