कोंडागांव जिले के 50 स्काउट-गाइड, रोवर और रेंजर का दल राज्य स्तरीय पर्वतारोहण, व्यक्तित्व विकास एवं आपदा प्रबंधन शिविर में हिस्सा लेने के लिए मध्यप्रदेश के पंचमढ़ी रवाना हुआ है. भारत स्काउट एवं गाइड छत्तीसगढ़ राज्य मुख्यालय, रायपुर के निर्देश पर यह शिविर 14 से 18 अक्टूबर तक आयोजित किया जा रहा है. दल में 46 प्रतिभागी और चार प्रभारी शामिल हैं.
शिविर में पर्वतारोहण और अन्य साहसिक गतिविधियों के साथ आपदा की स्थिति में बचाव के तरीकों का प्रशिक्षण दिया जाएगा. व्यक्तित्व विकास के सत्रों के जरिए प्रतिभागियों में आत्मनिर्भरता, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और विपरीत परिस्थितियों में निर्णय लेने की क्षमता विकसित करने का लक्ष्य है. लौटने के बाद विद्यार्थी अपने अनुभव विद्यालयों और समाज के अन्य लोगों के साथ साझा करेंगे.
प्रतिभागियों को पर्वतारोहण किट वितरित
जिला संरक्षक एवं कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना के निर्देश और जिला आयुक्त गाइड एवं जिला शिक्षा अधिकारी भारती प्रधान के मार्गदर्शन में 9 अक्टूबर को कोंडागांव में प्रतिभागियों को पर्वतारोहण किट दी गई. विधायक लता उसेंडी और नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल ने प्रतिभागियों को आवश्यक किट वितरित की. इनका इस्तेमाल शिविर की साहसिक गतिविधियों के दौरान किया जाएगा.
जिला सचिव चमन लाल सोरी के अनुसार, मालगांव, दहिकोंगा, चिपावंड, मर्दापाल, बांसगांव, मोहलई और लजोड़ा समेत विभिन्न स्कूलों के प्रतिभागियों को किट मिली है. केशकाल विधानसभा क्षेत्र के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिंगनपुर में 10 अक्टूबर को विधायक नीलकंठ टेकाम ने भी प्रतिभागियों को किट वितरित की.
13 अक्टूबर को कोंडागांव का दल रायपुर रेलवे स्टेशन के लिए रवाना हुआ. वहां से छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के प्रतिभागी विशेष ट्रेन से पंचमढ़ी पहुंचेंगे.
