कोंडागांव जिले की बड़े डोंगर स्थित बैंक ऑफ इंडिया शाखा में 36 लाख 79 हजार 323 रुपये की कथित वित्तीय अनियमितता के मामले में राज्य आर्थिक अपराध अन्वेषण एवं एंटी करप्शन ब्यूरो (EOW-ACB), रायपुर ने विशेष न्यायालय में चालान पेश किया है. यह चालान भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम से जुड़े मामलों की सुनवाई करने वाली कोंडागांव की विशेष अदालत में तत्कालीन शाखा प्रबंधक भावेश विश्वकर्मा के खिलाफ पेश किया गया.

जांच एजेंसी के अनुसार, चालान करीब 1,500 पन्नों का है. विवेचना में आरोप है कि बैंक के विभिन्न खातों से राशि अनधिकृत रूप से दूसरे खातों में ट्रांसफर की गई. जांच के मुताबिक, 25 जून 2019 से 18 जनवरी 2022 तक बड़े डोंगर शाखा में पदस्थ रहे भावेश विश्वकर्मा ने अन्य अधिकारियों की जानकारी और सहमति के बिना उनकी यूजर आईडी और पासवर्ड का इस्तेमाल कर बैंकिंग सिस्टम का दुरुपयोग किया.

EOW-ACB की जांच में बैंक के कार्यालय खातों, फसल बीमा खाते, ग्राहकों के बचत और ऋण खातों तथा स्वयं सहायता समूहों के खातों से रकम निकालकर स्थानांतरित किए जाने की बात सामने आई. एजेंसी के अनुसार, कुल 36,79,323 रुपये बैंक ऑफ बड़ौदा की कोंडागांव शाखा में आरोपी के व्यक्तिगत खाते समेत अन्य खातों में भेजे गए.

इस मामले में 4 अप्रैल 2022 को अपराध दर्ज किया गया था. प्राथमिकी भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की संशोधित धाराओं 13(1)(क) और 13(2) तथा भारतीय दंड संहिता की धारा 409 के तहत दर्ज की गई थी. जांच के दौरान दस्तावेजों, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और गवाहों के बयानों का परीक्षण किया गया. एजेंसी ने इन्हीं साक्ष्यों के आधार पर अभियोजन के लिए पर्याप्त आधार होने का दावा किया है.

बैंक ऑफ इंडिया ने भी विभागीय स्तर पर कार्रवाई की थी. बैंक ने 27 सितंबर 2022 को भावेश विश्वकर्मा को सेवा से बर्खास्त कर दिया था. अदालत में चालान पेश होने के बाद मामला अब न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे बढ़ेगा. आरोपों पर अंतिम फैसला अदालत की सुनवाई के बाद होगा.