छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले के अरंडी गांव में पूर्व सरपंच गोविंद नेताम (49) की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई. पुलिस ने इस मामले में उनकी पत्नी भगनी नेताम (45) को गिरफ्तार किया है. मामला केशकाल थाना क्षेत्र का है.

पुलिस के अनुसार, घटना 1 नवंबर की रात करीब 12:01 बजे हुई. गोविंद नेताम घर के अंदर गंभीर रूप से घायल मिले. उनके गले और सिर पर धारदार हथियार से वार के निशान थे. सूचना मिलने के बाद केशकाल पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की.

जांच के दौरान पुलिस को भगनी नेताम पर संदेह हुआ. पुलिस का कहना है कि घटना के बाद वह घर से गायब थी. तलाश के बाद उसे बेडमा से पकड़ा गया. पूछताछ के आधार पर पुलिस ने हत्या में उसकी कथित भूमिका बताते हुए गिरफ्तारी की. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.

विवाद के बाद हमले का आरोप

पुलिस के मुताबिक, घटना वाली रात दोनों के बीच विवाद हुआ था. गोविंद नेताम को भगनी के चरित्र पर शक था, जबकि भगनी कथित तौर पर उनसे पैसों की मांग करती थी. इन मुद्दों को लेकर दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होने की बात सामने आई है. पुलिस का आरोप है कि विवाद बढ़ने पर भगनी ने टांगी से गोविंद के सिर और गले पर कई वार किए.

पुलिस के अनुसार, गोविंद की पहली पत्नी की मौत के बाद उनकी भगनी से नजदीकियां बढ़ीं. दोनों करीब तीन साल से साथ रह रहे थे और गोविंद ने उन्हें चूड़ियां पहनाकर पत्नी के रूप में स्वीकार किया था.

पुलिस ने यह भी बताया कि भगनी नारायणपुर जिले के ताड़ोकी की रहने वाली है. उसके पहले पति की वर्ष 2011 में हत्या के मामले में उसे आजीवन कारावास की सजा हुई थी और वह करीब 10 साल जेल में रहने के बाद बाहर आई थी. एसडीओपी अरुण नेताम ने बताया कि घटना के कारणों और अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है.