छत्तीसगढ़ के कोंडागांव में माजीसा राइस मिल की बाउंड्रीवॉल के बाहर गांजे के पौधे मिलने के मामले में पुलिस ने अपराध दर्ज किया है. पुलिस ने कार्रवाई नहीं करने और प्रशासनिक संरक्षण देने के आरोपों को खारिज करते हुए इन्हें भ्रामक बताया है.
पुलिस के अनुसार, 14 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिलने के बाद टीम मौके पर पहुंची थी. जांच के दौरान पौधे माजीसा राइस मिल की बाउंड्रीवॉल के बाहर स्थित जमीन पर मिले. पुलिस ने नियमानुसार पौधों को जब्त किया और सिटी कोतवाली कोंडागांव में अपराध क्रमांक 324/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(क) में मामला दर्ज किया.
भूमि और संबंधित लोगों की भूमिका की जांच
पुलिस ने बताया कि जमीन के स्वामित्व और मामले से जुड़े लोगों की भूमिका स्पष्ट करने के लिए संबंधित विभाग को पत्र भेजा गया है. विभाग से जानकारी मिलने और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल मामले की विवेचना जारी है.
पुलिस ने यह स्पष्टीकरण 23 अक्टूबर को सोशल मीडिया और कुछ समाचार पत्रों में सामने आई खबरों के बाद जारी किया. पुलिस का कहना है कि इन खबरों में उसका पक्ष लिए बिना निष्क्रियता और दबाव में कार्रवाई नहीं करने के आरोप लगाए गए थे. विभाग के अनुसार, अपराध पहले ही दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई थी और इसकी जानकारी आधिकारिक वेबसाइट पर भी अपलोड की गई थी.
सिटी कोतवाली कोंडागांव के थाना प्रभारी सौरभ उपाध्याय ने कहा कि अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है और किसी भी अवैध गतिविधि को संरक्षण नहीं दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि मामले में तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी. पुलिस ने यह भी कहा कि जानबूझकर झूठी या भ्रामक जानकारी प्रसारित करने में कानून का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
