कोंडागांव जिले के करंजी गांव स्थित सरकारी राशन दुकान का कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने निरीक्षण किया. इस दौरान राशन हितग्राहियों ने आरोप लगाया कि उन्हें करीब चार महीने से गुड़ और चना नहीं मिल रहा है.
हितग्राहियों के अनुसार, वे नियमित रूप से राशन लेने दुकान पहुंचते हैं, लेकिन गुड़ और चना उपलब्ध नहीं होने के कारण उन्हें तय सामग्री का लाभ नहीं मिल पा रहा है. लंबे समय से वितरण नहीं होने से कई परिवारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
खाद्य विभाग से जांच की मांग
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कोंडागांव के अध्यक्ष संजय करन ने कहा कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत पात्र गरीब और जरूरतमंद परिवारों को खाद्य सामग्री समय पर मिलनी चाहिए. उन्होंने कहा कि यदि करंजी की राशन दुकान में वास्तव में चार महीने से गुड़-चना वितरित नहीं हुआ है, तो खाद्य विभाग को इसकी जांच कर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए.
करन ने सप्लाई और स्थानीय वितरण, दोनों स्तरों पर देरी की जांच की मांग की. उन्होंने कहा कि यह पता लगाया जाना चाहिए कि सामग्री की आपूर्ति में सरकारी स्तर पर देरी हुई या दुकान स्तर पर वितरण में समस्या रही. जिन हितग्राहियों को सामग्री नहीं मिली, उन्हें लंबित गुड़-चना उपलब्ध कराने की व्यवस्था करने की मांग भी की गई.
निरीक्षण के दौरान कांग्रेस के स्थानीय पदाधिकारी, कार्यकर्ता और कई राशन हितग्राही मौजूद रहे. कार्यकर्ताओं ने जिले की अन्य सरकारी राशन दुकानों में भी खाद्य सामग्री के नियमित वितरण की निगरानी की मांग की.
