कोंडागांव के इंडोर ऑडिटोरियम में आयोजित मोटिवेशनल कार्यक्रम में 29वीं आईटीबीपी बटालियन के डिप्टी कमांडेंट रोबिन सिंह ने युवाओं को लक्ष्य के प्रति ईमानदार रहकर नियमित मेहनत करने का संदेश दिया. उन्होंने कहा कि सफलता किसी एक दिन की मेहनत से नहीं मिलती, बल्कि इसके पीछे वर्षों का संघर्ष, अनुशासन और निरंतर प्रयास होता है.

अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, कोंडागांव के तत्वावधान में हुए कार्यक्रम की शुरुआत सामूहिक राष्ट्रगान से हुई. इसके बाद परिषद के पदाधिकारियों ने डिप्टी कमांडेंट रोबिन सिंह का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया.

चारों ब्लॉक में चल रहे निशुल्क प्रशिक्षण शिविर

कार्यक्रम में परिषद के बस्तर संभाग प्रभारी सुब्रत साहा ने जिले के चारों ब्लॉक में संचालित निशुल्क सैन्य प्रशिक्षण शिविरों की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि पूर्व सैनिकों की ओर से युवक-युवतियों को सेना और अर्धसैनिक बलों में भर्ती के लिए शारीरिक दक्षता, अनुशासन और जरूरी तैयारी कराई जा रही है. इन शिविरों का उद्देश्य ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर युवाओं को सैन्य भर्ती की तैयारी के बेहतर अवसर देना है.

प्रशिक्षणार्थियों से संवाद के दौरान रोबिन सिंह ने अपने जीवन के अनुभव साझा किए. उन्होंने बताया कि वे किसान परिवार से आते हैं और आसान परिस्थितियां नहीं होने के बावजूद मेहनत, संघर्ष और अनुशासन के सहारे डिप्टी कमांडेंट के पद तक पहुंचे. उन्होंने युवाओं से असफलताओं से सीखते हुए आगे बढ़ने और देश सेवा के लिए तैयारी करने का आह्वान किया.

कार्यक्रम में परिषद के निशुल्क प्रशिक्षण से अग्निवीर के रूप में चयनित सिपाही किसमन का भी सम्मान किया गया. छुट्टी पर घर लौटे किसमन को रोबिन सिंह ने शॉल पहनाया. समापन पर परिषद ने डिप्टी कमांडेंट को शॉल, श्रीफल और स्मृति चिह्न भेंट किया. कार्यक्रम में करीब 370 युवक-युवतियों सहित परिषद के पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे.