कोंडागांव जिले के खुटपारा सोनाबाल में पोरा तिहार के अवसर पर बच्चों के लिए बेलमेटल यानी डोकरा शिल्प निर्माण कार्यशाला आयोजित की गई. यह आयोजन संकुल सोनाबाल के अंतर्गत खुटपारा की सार्वजनिक हस्तशिल्प कार्यशाला में हुआ. शासकीय प्राथमिक शाला खुटपारा सोनाबाल के विद्यार्थियों ने इसमें हिस्सा लिया और पारंपरिक शिल्प बनाने की प्रक्रिया को करीब से देखा.

कारीगरों ने समझाई निर्माण प्रक्रिया

कार्यशाला का आयोजन हस्तशिल्पी रामचंद्र नेताम के मार्गदर्शन में किया गया. विशाखा नेताम, रमशीला सोड़ी और दिनेश्वरी सोड़ी ने भी इसमें सहयोग किया. बच्चों को बेलमेटल शिल्प में इस्तेमाल होने वाली पारंपरिक तकनीक और निर्माण के अलग-अलग चरणों के बारे में जानकारी दी गई. विद्यार्थियों ने कारीगरों से शिल्प की बारीकियां समझीं और गतिविधि में उत्साह के साथ भाग लिया.

प्रधान अध्यापक हितेंद्र कुमार श्रीवास ने बच्चों को छत्तीसगढ़ की लोककला और पारंपरिक हस्तशिल्प के महत्व के बारे में बताया. उन्होंने स्थानीय कला और संस्कृति को पढ़ाई से जोड़ने की जरूरत पर जोर दिया. उनके अनुसार, ऐसी गतिविधियों से बच्चों में अपनी परंपरा और सांस्कृतिक विरासत के प्रति समझ और रुचि विकसित हो सकती है.

कृषि और पशुधन से जुड़ा पर्व

पोरा तिहार छत्तीसगढ़ का पारंपरिक कृषि पर्व है, जिसका संबंध कृषि और पशुधन से माना जाता है. इस अवसर पर ग्रामीण क्षेत्रों में बैलों को सजाकर कृषि कार्य में उनके योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया जाता है. जिन परिवारों के पास पशुधन नहीं होता, वे कई स्थानों पर हस्तशिल्प से बनी पशुओं की आकृतियों की पूजा कर पर्व मनाते हैं.

कार्यशाला के जरिए बच्चों को पर्व की परंपरा के साथ स्थानीय कारीगरों के कौशल से भी परिचित कराया गया.