छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले के मोहपाल गांव के सरपंच मंगल सिंह मरकाम (56) की हत्या के मामले में बड़ेडोंगर पुलिस ने सात लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के परिवार की एक महिला के साथ सरपंच के कथित संबंधों को लेकर विवाद था. इसी रंजिश में हत्या की योजना बनाए जाने की बात जांच में सामने आई है. सभी आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है.

पुलिस के अनुसार, 29 सितंबर को सरपंच के आने की जानकारी मिलने पर आरोपी पगडंडी और नदी किनारे जंगल के पास छिपकर बैठे थे. उनके पहुंचने पर आरोपियों ने उन्हें पकड़ लिया और हाथ, थप्पड़, चप्पल, डंडे तथा लोहे के रॉड से मारपीट की. जांच में सामने आया कि इसके बाद सरपंच के हाथ बांधकर फिर से मारपीट की गई. उन्हें घटनास्थल से करीब 60 मीटर दूर ले जाकर कंबल से ढक दिया गया. पुलिस का कहना है कि आरोपी सड़क किनारे आग जलाकर रातभर वहां मौजूद रहे और सुबह करीब 5 से 5:30 बजे के बीच फरार हो गए.

तालाब के पास मिला था शव

परिजनों के मुताबिक, मंगल सिंह 29 सितंबर की शाम करीब 6 बजे पंचायत कार्यालय जाने की बात कहकर घर से निकले थे. देर रात तक नहीं लौटने पर परिवार ने समझा कि वे गांव में किसी दूसरे घर पर रुक गए होंगे. 30 सितंबर की सुबह तालाब के पास उनके संदिग्ध हालत में पड़े होने की सूचना मिली. परिजन उन्हें फरसगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.

घटनास्थल पर खून के निशान और संघर्ष के संकेत मिलने के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई थी. सीएचसी फरसगांव से सुबह करीब 8:30 बजे सूचना मिलने पर बड़ेडोंगर पुलिस ने जांच शुरू की. एफएसएल, साइबर, थाना और रक्षित केंद्र की टीमों ने घटनास्थल पर जांच की.

पुलिस ने मिट्ठू राम नेताम से पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर डंडा और लोहे का रॉड बरामद करने की बात कही है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मिट्ठू राम नेताम (45), श्रवण कुमार नेताम (20), अमित कुमार नेताम (20), लखन नेताम (25), नवलू वट्टी (28), राकेश मंडावी (21) और प्रभु लाल नेताम (20) के रूप में हुई है. सभी मोहपाल गांव के निवासी बताए गए हैं.

बड़ेडोंगर थाने में अपराध क्रमांक 22/2026 के तहत बीएनएस की धारा 103(1) में मामला दर्ज किया गया है. जांच के दौरान धारा 61(2)(क) और 191(2) भी जोड़ी गई है. कथित संबंध और हत्या की भूमिका से जुड़े आरोप पुलिस जांच के निष्कर्षों पर आधारित हैं; अदालत में इनका परीक्षण होना बाकी है.