कोरबा जिले में कक्षा 10वीं की वर्ष 2026 की मेधा सूची में स्थान पाने वाले 150 विद्यार्थियों को जेईई और नीट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए निःशुल्क आवासीय कोचिंग दी जाएगी. यह प्रशिक्षण जिला प्रशासन की दिशा परियोजना के तहत संचालित किया जाएगा. विद्यार्थियों को कोचिंग के साथ शैक्षणिक मार्गदर्शन और आवासीय सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी.

इस संबंध में कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में चयनित विद्यार्थियों और उनके पालकों की बैठक हुई. कलेक्टर कुणाल दुदावत ने परियोजना के उद्देश्य, प्रशिक्षण की रूपरेखा, शिक्षण व्यवस्था और आवासीय सुविधाओं की जानकारी दी. उन्होंने जेईई, नीट और भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थानों में प्रवेश की प्रक्रिया से जुड़े बिंदुओं पर भी विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया.

पात्र विद्यार्थियों की आगे की पढ़ाई का खर्च

प्रशासन के अनुसार, जिन चयनित विद्यार्थियों के परिवार की वार्षिक आय आठ लाख रुपये से कम है या जो गरीबी रेखा से नीचे के परिवारों से आते हैं, उनके लिए जेईई, नीट सहित संबंधित प्रतियोगी परीक्षाओं में चयनित होने पर प्रशिक्षण और आगे की पढ़ाई का पूरा खर्च जिला प्रशासन वहन करेगा. इस पहल के लिए जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) मद से राशि जारी की गई है.

कलेक्टर ने विद्यार्थियों से लक्ष्य तय करके नियमित अध्ययन, समय के उचित उपयोग और कठिन विषयों के लगातार अभ्यास पर ध्यान देने को कहा. उन्होंने पालकों से बच्चों को पढ़ाई के लिए अनुकूल वातावरण देने की अपील की.

बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन, अपर कलेक्टर, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग, जिला शिक्षा अधिकारी, शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक, विद्यार्थी और पालक मौजूद रहे. विद्यार्थियों ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और अध्ययन दिनचर्या से जुड़े सवाल पूछे, जिनका अधिकारियों ने जवाब दिया.