छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने कोरबा जिले के पसान थाना क्षेत्र से जुड़े 21 साल पुराने एनडीपीएस मामले में चत्तर सिंह गोंड को बरी कर दिया है. अदालत ने निचली अदालत की ओर से सुनाई गई चार साल की सजा रद्द करते हुए कहा कि आरोपी के घर के पीछे गांजे के पौधे मिल जाना, अपने आप में खेती का अपराध साबित करने के लिए पर्याप्त नहीं है.

मामला 21 अगस्त 2004 का है. पुलिस ने दावा किया था कि चत्तर सिंह के घर के पीछे मक्के की फसल के बीच गांजे के 425 पौधे मिले थे. पौधों के नमूनों की जांच में गांजा होने की पुष्टि के बाद उसके खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की धारा 20 के तहत मामला दर्ज किया गया था.

कोरबा के अतिरिक्त सत्र एवं विशेष न्यायाधीश ने 28 जनवरी 2005 को चत्तर सिंह को चार साल के सश्रम कारावास और 25 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई थी. जुर्माना नहीं भरने पर छह महीने का अतिरिक्त कारावास भी तय किया गया था.

हाईकोर्ट में बचाव पक्ष ने दलील दी कि अभियोजन यह साबित नहीं कर सका कि जमीन या पौधों पर चत्तर सिंह का अकेला कब्जा था. तलाशी, जब्ती और नमूना लेने की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए गए.

अदालत ने साक्ष्यों की समीक्षा में पाया कि कोटवार ने केवल पौधों के घर के पीछे उगने की बात कही थी, यह नहीं कहा कि उनकी खेती चत्तर सिंह ने की. एक स्वतंत्र गवाह ने भी जमीन के स्वामित्व की जानकारी होने से इनकार किया. पुलिस के अनुसार जमीन का बंटवारा भाइयों के बीच नहीं हुआ था और राजस्व रिकॉर्ड में खसरा नंबर 74/1 के मालिक के रूप में चत्तर सिंह के पिता सुखराम का नाम दर्ज था.

अदालत ने यह भी नोट किया कि पुलिस ने जिस व्यक्ति से चत्तर सिंह द्वारा खेती किए जाने की जानकारी मिलने का दावा किया, उसका बयान दर्ज नहीं किया और उसे गवाह नहीं बनाया. सुप्रीम कोर्ट के अलख राम बनाम उत्तर प्रदेश फैसले का हवाला देते हुए हाईकोर्ट ने कहा कि अभियोजन को यह साबित करना होगा कि आरोपी ने पौधे लगाए और उनकी खेती की. संदेह का लाभ देते हुए अपील स्वीकार कर ली गई.