कोरबा जिले के दर्री थाना क्षेत्र की अयोध्यापुरी बस्ती में बुधवार को निर्माणाधीन मकान में काम कर रहा एक मजदूर हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया. करंट लगने से वह बुरी तरह झुलस गया और छत से नीचे गिर पड़ा. उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है.

जानकारी के अनुसार, अयोध्यापुरी बस्ती में रविंदर सिंह के घर का निर्माण चल रहा है. मजदूर मकान की ऊपरी मंजिल पर राजमिस्त्री का काम कर रहा था. मकान के ठीक ऊपर से 33 केवी की हाईटेंशन लाइन गुजर रही है.

बताया गया है कि काम के दौरान मजदूर का हाथ या उसके पास मौजूद औजार बिजली के तार के संपर्क में आ गया. करंट लगने के बाद उसका संतुलन बिगड़ा और वह छत से नीचे गिर गया. हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया.

स्थानीय लोगों ने सुरक्षा पर उठाए सवाल

स्थानीय लोगों का कहना है कि अयोध्यापुरी में हाईटेंशन तार से जुड़ा यह पहला हादसा नहीं है. उनके अनुसार, पहले भी लाइन की चपेट में आने से कई मजदूर घायल हुए हैं और कुछ लोगों की मौत हो चुकी है. लोगों ने आरोप लगाया कि इसके बावजूद हाईटेंशन लाइन के आसपास निर्माण कार्य जारी है और सुरक्षा नियमों का पर्याप्त ध्यान नहीं रखा जा रहा.

घटना की सूचना पुलिस और बिजली विभाग को दे दी गई है. दोनों विभाग मामले की जांच कर रहे हैं.