कोरबा जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू हो गई है. जिले के सभी 68 धान उपार्जन केंद्रों पर पूजा-अर्चना के बाद खरीदी प्रक्रिया का शुभारंभ किया गया.
हरदीबाजार उपार्जन केंद्र में भी विधि-विधान से पूजा-पाठ के साथ खरीदी शुरू हुई. यहां ग्राम हरदीबाजार निवासी किसान गीतांजलि डहरिया पहली बार धान बेचने पहुंचीं. केंद्र पर उनका माला पहनाकर स्वागत और सम्मान किया गया.
गीतांजलि डहरिया, नंद कुमार डहरिया की पत्नी हैं. उन्होंने खरीदी के पहले दिन केंद्र में 12 क्विंटल 80 किलो धान का विक्रय किया. पहली किसान के रूप में सम्मान मिलने के बाद केंद्र पर किसानों के बीच उत्साह का माहौल रहा. कार्यक्रम में सरपंच लोकेश्वर कंवर, विधायक प्रतिनिधि नरेश टंडन, जनपद सदस्य प्रतिनिधि अनिल टंडन, नोडल अधिकारी मनमोहन पैकारा, केंद्र प्रबंधक डाकेश्वर पांडे और फड़ प्रभारी पंचराम यादव समेत ग्रामीण मौजूद रहे.
विधायक प्रतिनिधि नरेश टंडन ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ हर किसान तक पहुंचना चाहिए और धान बेचने के दौरान किसानों को परेशानी नहीं होनी चाहिए. उन्होंने केंद्र पर जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने और किसानों के सम्मान पर जोर दिया.
निगरानी के लिए कमांड सेंटर
जिला प्रशासन ने धान खरीदी प्रक्रिया की निगरानी और पारदर्शिता के लिए इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर स्थापित किया है. कलेक्टर कुणाल दुदावत के आदेश पर 4 नवंबर को जिला और तहसील स्तर पर जांच समितियों तथा उड़नदस्ता दलों का गठन किया गया था.
अपर कलेक्टर कटघोरा ओंकार यादव को कमांड सेंटर का नोडल अधिकारी बनाया गया है. केंद्र से खरीदी संबंधी रिपोर्ट कलेक्टर को भेजी जाएगी. शिकायत और सुझाव के लिए प्रशासन ने हेल्पलाइन नंबर 9691901259 जारी किया है.
