छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के पथाड़ी में अदाणी पावर ने 1,320 मेगावाट विस्तार परियोजना की पहली 660 मेगावाट यूनिट शुरू कर दी है. दूसरी यूनिट के चालू होने के बाद स्टेशन की कुल क्षमता 1,920 मेगावाट हो जाएगी. परियोजना पर करीब दो साल तक काम चला.

अदाणी पावर ने अगस्त 2024 में एनसीएलटी प्रक्रिया के तहत लैंको अमरकंटक पावर लिमिटेड का अधिग्रहण 4,101 करोड़ रुपये में किया था. उस समय संयंत्र की 600 मेगावाट क्षमता चालू थी. 1,320 मेगावाट का विस्तार प्रोजेक्ट 2016 से करीब 70 प्रतिशत काम पूरा होने के बाद बंद पड़ा था.

पुराने संयंत्र को फिर तैयार किया गया

कंपनी के मुताबिक, बंद रहने के दौरान परियोजना की कई मशीनों पर जंग लग गई थी. जरूरी दस्तावेज और ड्रॉइंग उपलब्ध नहीं थे, जबकि मूल ठेकेदार भी काम छोड़ चुका था. 250 से अधिक इंजीनियरों की टीम ने बॉयलर, टर्बाइन-जनरेटर, कोयला हैंडलिंग और पानी से जुड़ी प्रणालियों की नए सिरे से जांच की. पुराने रिकॉर्ड नहीं मिलने पर साइट पर नई डिजाइन तैयार की गई. संयंत्र को ग्रिड से जोड़ने के लिए ट्रांसमिशन व्यवस्था भी बनाई गई. काम के सबसे व्यस्त चरण में 10 हजार लोगों ने परियोजना में योगदान दिया.

शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का दावा

कंपनी के अनुसार, अदाणी फाउंडेशन ने 24 गांवों के 50 सरकारी स्कूलों में 4,200 स्कूल किट बांटे. नौ स्कूलों में 220 ड्यूल डेस्क, 15 स्कूलों में आरओ फिल्टर और तीन स्कूलों में शौचालय बनाए गए. आरओ फिल्टर से 1,800 और शौचालयों से 800 बच्चों को लाभ मिलने का दावा है.

‘प्रोजेक्ट उड़ान’ के तहत अक्टूबर 2025 से 164 विजिट में 8,281 बच्चों ने संयंत्र का दौरा किया. कंपनी ने जून 2025 से 18 गांवों में मोबाइल हेल्थ सेवा के जरिए 17 हजार लोगों तक पहुंचने, छह मल्टी-स्पेशलिटी कैंप लगाने और 65 सहायक उपकरण बांटने की जानकारी दी है. 15 गांवों में 240 सोलर स्ट्रीट लाइट और पांच हाई-मास्ट लाइट लगाने का भी दावा किया गया है.