छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में आजन नदी के दही घाट पर नदी पार करते समय एक ग्रामीण की डूबने से मौत हो गई. हादसा सोमवार सुबह करीब 10 बजे हुआ. जिला नगर सेना की रेस्क्यू टीम ने लगभग छह घंटे की तलाश के बाद शाम करीब चार बजे शव बरामद किया.
मृतक की पहचान ग्राम पंचायत बुढ़ापारा और चौकी कोरबी क्षेत्र निवासी 50 वर्षीय पन्नालाल यादव के रूप में हुई है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, उनका घर नदी के दोनों किनारों पर था. वह एक किनारे रहते थे, जबकि दूसरी ओर उनके मवेशी थे. मवेशियों की देखभाल और चराने के लिए उन्हें रोजाना नदी पार करनी पड़ती थी.
बताया गया है कि पन्नालाल कभी डोंगा और कभी तैरकर नदी पार करते थे. सोमवार सुबह दही घाट पर डोंगा नहीं मिलने के बाद वह तैरकर नदी पार करने लगे. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वह नदी के बीच तक पहुंचे थे, तभी अचानक धारा में डूब गए.
मौके पर मौजूद लोगों को पहले लगा कि वह तैरकर दूसरी ओर पहुंच जाएंगे और मवेशियों की देखभाल के बाद लौट आएंगे. काफी देर तक उनके दिखाई नहीं देने पर ग्रामीणों ने कोरबी चौकी पुलिस को सूचना दी.
पुलिस के पहुंचने के बाद जिला नगर सेना की रेस्क्यू टीम को बुलाया गया. टीम ने मोटर बोट की मदद से नदी में तलाशी अभियान चलाया और करीब छह घंटे बाद शव बरामद किया.
कोरबी चौकी प्रभारी सुरेश कुमार योगी के अनुसार, शव बरामद कर लिया गया है. परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं. पंचनामा कार्रवाई के बाद आगे की वैधानिक प्रक्रिया की जाएगी. हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है.
