छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के कोरबी क्षेत्र में आजन नदी पार करते समय 50 वर्षीय ग्रामीण पन्नालाल यादव की डूबने से मौत हो गई. हादसा दही घाट के पास हुआ. जिला नगर सेना की रेस्क्यू टीम ने करीब छह घंटे तक नदी में तलाश अभियान चलाने के बाद उनका शव बरामद किया.
पन्नालाल यादव ग्राम पंचायत बुढ़ापारा के रहने वाले थे. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, उनका घर नदी के एक किनारे और मवेशियों को रखने की जगह दूसरे किनारे पर थी. इसी वजह से उन्हें रोजाना नदी पार कर मवेशियों की देखभाल और चराने के लिए जाना पड़ता था.
बताया गया है कि पन्नालाल कभी छोटी नाव यानी डोंगा और कभी तैरकर आजन नदी पार करते थे. रोज की तरह नदी पार करने के दौरान वह गहरे पानी में चले गए और डूब गए. घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय स्तर पर उनकी तलाश शुरू की गई और जिला नगर सेना की रेस्क्यू टीम को मौके पर बुलाया गया.
कोरबी चौकी प्रभारी सुरेश कुमार योगी ने शव बरामद होने की पुष्टि की है. पुलिस परिजनों के बयान दर्ज कर रही है. पंचनामा की कार्रवाई पूरी होने के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया की जाएगी. हादसे के बाद बुढ़ापारा और आसपास के गांवों में शोक का माहौल है.
