कोरबा जिले में कटघोरा-पेंड्रा मुख्य मार्ग पर अमलडीहा बस स्टैंड के पास देर रात सड़क हादसे में 21 वर्षीय युवक की मौत हो गई. जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार पल्सर बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से टकरा गई. हादसे में बनवार गांव निवासी सागर कंवर की मौके पर ही मौत हो गई.

बताया गया कि सागर कटघोरा की एक निजी कंपनी में काम करता था. काम खत्म करने के बाद वह बाइक से अपने घर लौट रहा था. इसी दौरान अमलडीहा बस स्टैंड के पास अंधेरे में सड़क किनारे खड़ा ट्रेलर बाइक की चपेट में आ गया. ट्रेलर पर पार्किंग लाइट या संकेतक नहीं होने की बात सामने आई है.

टक्कर के बाद बाइक की लाइट जलती रही. इसे देखकर राहगीरों ने सड़क किनारे युवक को पड़ा देखा और डायल 112 को सूचना दी. सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम और कटघोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.

हादसे की सूचना मिलने के बाद परिजन मौके पर पहुंचे. घटना से बनवार गांव में शोक का माहौल है. स्थानीय लोगों ने बताया कि मार्ग पर कई बार ट्रेलर, ट्रक और खराब वाहन बिना संकेतक के सड़क किनारे खड़े रहते हैं. उन्होंने प्रशासन से ऐसे वाहनों पर कार्रवाई और पार्किंग लाइट अनिवार्य कराने की मांग की है.