कोरबा जिले के कोड़िया स्थित बाल संप्रेक्षण गृह से चोरी के मामले में रह रहा एक अपचारी बालक फरार हो गया. पुलिस के अनुसार, कर्मचारियों को उसके गायब होने की जानकारी सुबह बालकों की गिनती के दौरान मिली.

बताया गया है कि सिविल लाइन थाना क्षेत्र में हुई चोरी की घटना के मामले में पोंडीबहार क्षेत्र के रहने वाले इस किशोर के खिलाफ कार्रवाई की गई थी. उसे 27 सितंबर को बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया था और वह करीब 20 दिन से वहां रह रहा था.

जानकारी के मुताबिक, रोजाना की तरह सुबह संप्रेक्षण गृह का मुख्य द्वार खोला गया था. कर्मचारी और सुरक्षा जवान अपने काम में व्यस्त थे. इसी दौरान किशोर सुरक्षा जवान को चकमा देकर चैनल गेट खोलकर बाहर निकल गया. उसकी भनक तब लगी, जब परिसर में रह रहे बालकों की गिनती की गई.

घटना की जानकारी मिलने के बाद कर्मचारियों और अधिकारियों ने अपने स्तर पर तलाश की. इसके बाद सीएसईबी पुलिस चौकी को सूचना दी गई. पुलिस उसके घर और रिश्तेदारों से पूछताछ कर संभावित ठिकानों पर तलाश कर रही है.

कोरबा के सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि चोरी के मामले में बाल संप्रेक्षण गृह में रखे किशोर के फरार होने की सूचना मिली है. सूचना मिलते ही उसकी पतासाजी शुरू कर दी गई. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, इससे पहले भी संप्रेक्षण गृह से किशोरों के फरार होने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं.