कोरबा के बालको नगर स्थित शांतिनगर और रिंग रोड क्षेत्र में रोजगार, पुनर्वास और बुनियादी सुविधाओं को लेकर चल रहा गतिरोध खत्म हो गया. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, चक्काजाम के बाद बालको प्रबंधन और प्रभावित परिवारों के बीच हुई बैठक में छह बिंदुओं पर लिखित सहमति बनी. इसके बाद ग्रामीणों ने आंदोलन समाप्त कर दिया.
यह विवाद बालको के कूलिंग टॉवर, राखड़ और कोल यार्ड से प्रभावित परिवारों की मांगों से जुड़ा था. कूलिंग टॉवर से प्रभावित 80 चिन्हित परिवारों के अलावा छूटे हुए परिवारों के मामले में प्रबंधन छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट के आदेशों का पालन करेगा. रिंग रोड और शांतिनगर में प्रभावित बचे परिवारों के लिए छत्तीसगढ़ भूमि अधिग्रहण पुनर्वास नीति के तहत कार्रवाई की जाएगी.
सहमति के मुताबिक प्रभावित क्षेत्र का सर्वे 15 दिन के भीतर कराया जाएगा. शांतिनगर और रिंग रोड के युवाओं को उनकी योग्यता के आधार पर रोजगार और ठेकेदारी में प्राथमिकता देने की बात कही गई है.
रिंग रोड में सड़क चौड़ीकरण और प्रकाश व्यवस्था 60 दिन में उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया. बालको जोन कार्यालय से रिस्टा चौक तक बैरिकेडिंग मार्ग या डामरीकरण और नाली निर्माण भी इसी अवधि में कराने पर सहमति बनी है.
बालको प्लांट के पास स्थित शांतिनगर बस्ती में CSR फंड से हर वर्ष विकास कार्य कराने की बात भी लिखित समझौते में शामिल है. स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई कि 15 साल से लंबित मांगों पर अब समयबद्ध तरीके से कार्रवाई होगी. आंदोलन के दौरान बालको थाना प्रभारी युवराज तिवारी पुलिस बल के साथ मौजूद रहे.
