कोरबा जिले के बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में छह आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा है. इनमें शराब पीने के लिए पैसे मांगकर मारपीट करने के मामले में चार आरोपी और SECL बांकी खदान नंबर 4 में डकैती के मामले में दो आरोपी शामिल हैं.
शराब के लिए पैसे मांगने का आरोप
पुलिस के अनुसार, मोंगरा बस्ती निवासी सूरज कुमार बिंझवार ने 1 नवंबर को शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत में बताया गया कि 30 अक्टूबर की रात करीब 9:30 बजे वह अपने साथी दिनेश कुमार बिंझवार के साथ देसी शराब भट्ठी से लौट रहा था. इसी दौरान आरोपियों ने उन्हें रोककर शराब पीने के लिए 500 रुपये मांगे. रुपये देने से इनकार करने पर गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी और बेल्ट व हाथ-मुक्कों से मारपीट करने का आरोप है.
इस मामले में पुलिस ने समीर कुर्रे (19), आशीष कुमार पाटले (29), अमन कुमार कुर्रे (24) और हेमलाल कुर्रे (42) को गिरफ्तार किया. पुलिस ने समीर के कब्जे से कथित तौर पर इस्तेमाल किया गया बेल्ट भी जब्त किया है. चारों को 2 नवंबर को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया.
SECL खदान में डकैती का मामला
दूसरे मामले में सुरक्षा गार्ड व्यासनारायण चौहान की रिपोर्ट पर कार्रवाई की गई. पुलिस के मुताबिक, 26-27 अक्टूबर की दरम्यानी रात करीब 1 बजे 10 से 12 नकाबपोश लोग खदान में घुसे, चौकीदारों को बंधक बनाया और उनके मोबाइल फोन ले लिए. इसके बाद गैस कटर से स्टोर में रखे लोहे के रैक और पाइप काटकर ले जाने का आरोप है. इनकी कीमत करीब 28 हजार रुपये बताई गई है.
पुलिस ने राहुल विश्वकर्मा (22) और आकाश साहू (20) को गिरफ्तार किया. उनके पास से पिकअप वाहन CG 12 BJ 6180, गैस कटर, ऑक्सीजन सिलेंडर और दो मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं. पुलिस के अनुसार, इस मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है.
