कोरबा के इंदिरा नगर दुरपा रोड पर तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से 9 वर्षीय स्कूली छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया. छात्र ट्यूशन से साइकिल पर घर लौट रहा था. हादसे में उसके पैर और कंधे में फ्रैक्चर बताया गया है. फिलहाल उसका निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है.

घटना 18 सितंबर की दोपहर करीब 3 बजे की बताई गई है. जानकारी के अनुसार, इंदिरा नगर बस्ती निवासी सोहन देवांगन कक्षा चौथी में पढ़ता है. वह ट्यूशन के बाद साइकिल से घर जा रहा था. इसी दौरान सामने से आ रही बाइक ने उसे टक्कर मार दी. टक्कर के बाद छात्र और बाइक सवार दोनों सड़क पर गिर गए. दोनों को चोटें आईं, लेकिन छात्र को गंभीर चोट लगी.

परिजनों ने वादे से मुकरने का लगाया आरोप

छात्र के पिता अजय देवांगन का आरोप है कि बाइक सवार संजय सतनामी ने हादसे के बाद इलाज का पूरा खर्च उठाने की बात कही थी. पिता के मुताबिक, युवक ने पुलिस में शिकायत नहीं करने के बदले इलाज का खर्च देने का भरोसा दिलाया था. इसके बाद परिवार ने निजी अस्पताल में इलाज शुरू कराया.

परिजनों का कहना है कि इलाज शुरू होने के बाद बाइक सवार ने खर्च देने से इनकार कर दिया. परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है और इलाज का बढ़ता खर्च उठाने में परेशानी हो रही है.

खर्च नहीं मिलने से परेशान परिजन रविवार को घायल छात्र को लेकर कोतवाली थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई. पुलिस CCTV फुटेज तथा सामने आए वीडियो की जांच कर रही है. पुलिस के अनुसार, जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. बाइक सवार पर लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी.