कोरबा शहर के घंटाघर स्थित दिल्ली साउथ कैफे में रविवार को काउंटर के पास फन फैलाए कोबरा के दिखाई देने से अफरा-तफरी मच गई. उस समय कैफे में ग्राहक मौजूद थे. सांप को अचानक सामने देखकर लोग घबरा गए.
कैफे कर्मचारियों ने स्थिति संभालते हुए ग्राहकों को कोबरा से सुरक्षित दूरी पर किया. उन्होंने सांप को छेड़ने के बजाय वन विभाग और RCRS (Reptile Care and Rescuer Society) की टीम को सूचना दी.
सावधानी से किया गया रेस्क्यू
सूचना मिलने पर RCRS अध्यक्ष अविनाश यादव टीम के सदस्य मानस के साथ मौके पर पहुंचे. भीड़भाड़ वाले कैफे में कोबरा की मौजूदगी को देखते हुए ग्राहकों और कर्मचारियों को पीछे हटाया गया. इसके बाद टीम ने काफी देर की मशक्कत के बाद सांप को सुरक्षित पकड़कर एक डिब्बे में बंद किया.
रेस्क्यू पूरा होने के बाद कैफे में मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली. वन विभाग के निर्देश पर कोबरा को बाद में सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया गया.
सांप दिखने पर दूरी बनाए रखने की अपील
RCRS ने लोगों से अपील की है कि किसी स्थान पर सांप दिखाई देने पर घबराएं नहीं और उसे खुद पकड़ने या मारने की कोशिश न करें. सांप पर लाठी-डंडे से हमला करना या पत्थर फेंकना भी खतरनाक हो सकता है. ऐसी स्थिति में सुरक्षित दूरी बनाए रखकर वन विभाग या रेस्क्यू टीम को सूचना देने की सलाह दी गई है.
RCRS अध्यक्ष अविनाश यादव के अनुसार, सांप पर्यावरण संतुलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और चूहों की संख्या नियंत्रित करने में मदद करते हैं. बारिश के बाद भोजन या सुरक्षित ठिकाने की तलाश में सांप आबादी वाले क्षेत्रों में पहुंच सकते हैं.
