छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक ही दिन ठगी और चेन स्नेचिंग की दो घटनाएं सामने आई हैं. दर्री थाना क्षेत्र में बाइक सवार युवकों ने पुलिस चेकिंग का डर दिखाकर 65 वर्षीय बुजुर्ग से दो सोने की अंगूठियां उतरवा लीं. वहीं, सिविल लाइन रामपुर थाना क्षेत्र में मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला से चेन खींचने की कोशिश की गई, लेकिन बदमाश सफल नहीं हो सके.
पहली घटना प्रगति नगर रोड पर CISF क्वार्टर ऑफिस के सामने की बताई गई है. पुलिस के अनुसार, भागीराम कर्म वहां से गुजर रहे थे, तभी बाइक सवार दो अज्ञात युवकों ने उन्हें रोक लिया. युवकों ने आगे पुलिस चेकिंग चलने की बात कहकर सोना-चांदी उतारकर रखने को कहा. उनकी बातों में आकर भागीराम ने दो सोने की अंगूठियां उतार दीं. आरोपी अंगूठियां लेकर बाइक से फरार हो गए. इनकी कीमत करीब 80 हजार रुपये बताई गई है. दर्री पुलिस ने BNS की धारा 304(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है.
दूसरी घटना एमपी नगर मुख्य मार्ग की है. शिवाजी नगर निवासी कांता बनवाल अपनी बेटी के साथ घंटाघर की ओर जा रही थीं. इसी दौरान बाइक सवार दो युवकों ने उनके गले से चेन खींचने की कोशिश की. अचानक हुए हमले में महिला सड़क पर गिर गईं, लेकिन चेन नहीं टूटी और आरोपी भाग निकले. सूचना पर थाना प्रभारी आस्था शर्मा और पुलिस टीम मौके पर पहुंची. सीएसपी प्रतिभा चतुर्वेदी ने भी घटनास्थल का जायजा लिया.
पुलिस के मुताबिक, करीब एक महीने पहले निहारिका टॉकीज के पास भी चेकिंग के नाम पर एक बुजुर्ग से सोने की चेन उतरवाई गई थी. उस मामले में गिरफ्तारी नहीं हुई है. वर्तमान दोनों मामलों में पुलिस आसपास के CCTV फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने कहा कि शिकायतों के आधार पर जांच जारी है.
