कोरबा के केंदई रेंज के चोटिया में एक लोनर हाथी के नेशनल हाईवे पर पहुंचने से कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई. हाथी को देखने के लिए सड़क पर लोगों की भीड़ जमा हो गई. कई लोग मोबाइल से वीडियो बनाने लगे, जबकि कुछ लोग सेल्फी लेने के लिए हाथी के काफी करीब पहुंच गए.
लोगों को अपने पास आता देख हाथी उनकी ओर दौड़ पड़ा. इसके बाद वीडियो बना रहे लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे. कुछ ही सेकंड में हाईवे पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, घटना में कोई व्यक्ति घायल नहीं हुआ.
वन विभाग ने सायरन बजाकर हाथी को हटाया
हाथी के हाईवे पर आने की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची. टीम ने सायरन बजाकर और सावधानी बरतते हुए हाथी को सड़क से हटाकर जंगल की ओर भेजा. कर्मचारियों ने लोगों को हाथी के पास जाने से भी रोका.
केंदई रेंज के रेंजर अभिषेक दुबे के अनुसार, इलाके में 32 हाथियों का झुंड घूम रहा है. इनमें से एक हाथी झुंड से अलग होकर घूम रहा है. वन विभाग के मुताबिक, झुंड से अलग रहने वाला यह लोनर हाथी ज्यादा आक्रामक हो सकता है.
सड़क किनारे मौजूद बांसबाड़ी में भोजन की तलाश में हाथियों के आने की बात स्थानीय लोगों ने कही है. वन विभाग प्रभावित इलाकों में निगरानी और पेट्रोलिंग कर रहा है तथा सड़क किनारे चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं. लोगों से हाथी दिखने पर शोर नहीं मचाने, सुरक्षित दूरी रखने और सेल्फी या वीडियो के लिए उसके पास नहीं जाने की अपील की गई है.
