कोरबा जिले में चक्रवाती मौसम का असर बुधवार सुबह से दिखाई दिया. आसमान में काले बादल छाए रहे और रिमझिम बारिश का दौर जारी रहा. बारिश के कारण स्कूली बच्चों और कामकाजी लोगों को परेशानी हुई. कई लोग छाता और रेनकोट के सहारे बाहर निकले.

मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र से विकसित हो रही चक्रवाती परिस्थितियों का असर छत्तीसगढ़ में पड़ सकता है. 28 और 29 अक्टूबर को प्रदेश के सभी जिलों में बारिश की चेतावनी दी गई है. कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना भी जताई गई है. बारिश के कारण रात के तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे कुछ दिनों तक ठंड का असर कम रहने का अनुमान है.

किसानों और पशुपालकों के लिए सलाह

कृषि विभाग ने पकने की अवस्था में पहुंच चुकी धान, दलहन और तिलहन की फसल की कटाई दो-तीन दिन टालने की सलाह दी है. कटी हुई फसलों को सुरक्षित स्थान पर रखने और खेतों में पानी निकासी की व्यवस्था करने को कहा गया है. तिवरा और अलसी की उतेरा बुवाई फिलहाल रोकने तथा रबी फसलों की बुवाई नवंबर के पहले सप्ताह से शुरू करने की सलाह दी गई है.

लौकी और करेला जैसी लता वाली सब्जियों तथा फल लगे केले के पौधों को सहारा देने को कहा गया है. पशुपालकों से मवेशियों को सूखे स्थान पर रखने और चारा-पानी की व्यवस्था करने की अपील की गई है. वज्रपात के दौरान पेड़ के नीचे नहीं रहने की सलाह भी दी गई है.

हसदेव नदी किनारे सावधानी की अपील

भारी बारिश की संभावना को देखते हुए मिनीमाता बांगो बांध के गेट खोले जाने की संभावना है. जल संसाधन विभाग ने हसदेव नदी के तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने को कहा है. प्रशासन ने लोगों से नदी से दूर रहने, नहाने और मछली पकड़ने जैसी गतिविधियों से बचने तथा अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है.