छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में दर्री थाना क्षेत्र के प्रगतिनगर दर्री डेम से 21 वर्षीय युवक का शव बरामद हुआ है. मृतक की पहचान अर्जुन सिंह के रूप में की गई है. वह 18 नवंबर से लापता था और बांगो थाने में पदस्थ आरक्षक धनंजय सिंह का बेटा था.

जानकारी के अनुसार, अर्जुन सिंह दर्री सीएसईबी कॉलोनी के कैलाश विहार में अपने पिता के साथ रहता था. 18 नवंबर को वह बाइक से कमला नेहरू महाविद्यालय जाने के लिए घर से निकला था. उसके पास मोबाइल फोन भी था, लेकिन कॉलेज के बाद वह घर नहीं लौटा. परिजनों ने तलाश के बाद दर्री थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी.

शनिवार सुबह डेम में नाव से घूम रहे मछुआरों ने पानी में शव तैरता देखा और पुलिस को सूचना दी. दर्री पुलिस और गोताखोरों ने मौके पर पहुंचकर शव बाहर निकाला. पहचान के लिए बुलाए गए आरक्षक धनंजय सिंह ने शव की पहचान अपने बेटे अर्जुन के रूप में की.

पुलिस के मुताबिक, शव करीब दो-तीन दिन पुराना है. युवक की बाइक और मोबाइल अभी बरामद नहीं हुए हैं. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि मर्ग कायम कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि युवक डेम तक कैसे पहुंचा. हादसा, आत्महत्या या हत्या—इन सभी संभावनाओं की जांच की जा रही है. मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आगे की जांच के बाद स्पष्ट होगा.